मुंबई, 4 दिसंबर (khabarwala24)। मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) में बढ़ते वायु प्रदूषण को रोकने के लिए महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एमपीसीबी) ने कार्रवाई करते हुए कुल 19 रेडी मिक्स कंक्रीट (आरएमसी) प्लांटों को बंद कर दिया है। बोर्ड ने साफ चेतावनी दी है कि एयर पॉल्यूशन कंट्रोल नियमों का उल्लंघन करने वाली किसी भी इंडस्ट्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
एमपीसीबी के चेयरमैन सिद्धेश कदम ने कहा, “प्रदूषण फैलाने वाले प्रोजेक्ट्स पर किसी भी तरह की रियायत नहीं दी जाएगी। नियमों का पालन न करने वालों पर कार्रवाई जारी रहेगी।”
एमपीसीबी के पास एमएमआर के अलग-अलग हिस्सों में कुल 32 कंटीन्यूअस एम्बिएंट एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन (सीएएक्यूएमएस) लगे हुए हैं। इनमें से 14 स्टेशन मुंबई नगर निगम क्षेत्र में हैं, जबकि बाकी ठाणे, कल्याण, नवी मुंबई और पनवेल में कार्यरत हैं।
यही स्टेशन रियल टाइम में एक्यूआई मापते हैं और डेटा को नियमित रूप से सीपीसीबी की वेबसाइट पर ‘समीर’ ऐप के जरिए भेजते हैं, जहां आम नागरिक भी इसे देख सकते हैं।
एयर क्वालिटी पर नजर रखने के लिए बोर्ड 22 मोबाइल मॉनिटरिंग वैन भी चला रहा है। ये वैन राज्य भर में आवश्यकता के अनुसार वायु गुणवत्ता की जांच करती हैं।
इनका इस्तेमाल प्रदूषण वाले हॉटस्पॉट क्षेत्रों, आरएमसी प्लांट और बड़े कंस्ट्रक्शन प्रोजेक्ट्स में निरीक्षण के लिए किया जाता है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर पर्यावरण कानून के तहत तुरंत एक्शन लिया जाता है।
अक्टूबर 2025 में एमपीसीबी ने आरएमसी प्लांटों के लिए नई गाइडलाइंस जारी की थीं। इनके पालन की समीक्षा के दौरान कई गंभीर कमियां सामने आईं।
देवनार और गोवंडी क्षेत्र में 4 आरएमसी इंडस्ट्रीज़ (ओम गहलोत ऑपरेटर, एनसीसी लिमिटेड, रामकी इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड और एनए कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड) को बंद करने का आदेश दिया गया है। इन सभी की 5-5 लाख रुपए की बैंक गारंटी जब्त कर ली गई है।
सायन क्षेत्र के संजय गांधी नगर में 3 अनधिकृत मेटल प्रोसेसिंग भट्टियों को बंद करने का निर्देश दिया गया। बीएमसी ने इन भट्टियों को हटाने का आदेश जारी किया है।
वडाला-माहुल इलाके में निरीक्षण के दौरान शाम के समय कचरा जलाने की शिकायतें मिलीं, जिसके बाद मुंबई पोर्ट ट्रस्ट को तुरंत रोकथाम के कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
सर्वे रिपोर्ट के अनुसार, ठाणे में 8 आरएमसी प्लांट, नवी मुंबई में 6 आरएमसी प्लांट और कल्याण में 1 आरएमसी प्लांट को नियमों का पालन न करने पर बंद कर दिया गया है। इस तरह कुल 19 आरएमसी इंडस्ट्रीज पर प्रतिबंध लगाया गया है।
बोर्ड ने एमएमआर में वायु प्रदूषण नियंत्रित करने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। एमपीसीबी चेयरमैन सिद्धेश कदम ने भरोसा जताया कि यह सर्वे और एक्शन आगे भी जारी रहेगा।
बोर्ड के मेंबर सेक्रेटरी एम देवेंद्र सिंह रोजाना रिपोर्ट की समीक्षा कर रहे हैं और उन्होंने इंडस्ट्रीज से नियमों का पालन करते हुए सहयोग करने की अपील की है।
Source : IANS
डिस्क्लेमर: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में Khabarwala24.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर Khabarwala24.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


