Khabarwala24 Hapur News: नगर में दिल्ली रोड स्थित एक प्रतिष्ठित इंटर कॉलेज से गुरु और शिष्या के पवित्र रिश्ते को कलंकशार करने वाला एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। यहां के एक शिक्षक पर आरोप है कि उन्होंने गुरु की मर्यादाओं को पूरी तरह ताक पर रखकर अपनी ही छात्राओं के साथ अशोभनीय व्यवहार और अभद्र बातें कीं।
आरोपी शिक्षक ने छात्राओं को डराने-धमकाने के साथ-साथ बात न मानने पर परीक्षा में फेल करने और उनका शैक्षणिक करियर बर्बाद करने की धमकी भी दी। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक जांच शुरू कर दी है।
अकेले में मिलने और करियर बर्बाद करने की दी धमकी (Hapur News)
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर के एक मोहल्ले की रहने वाली कक्षा 12 की छात्रा ने कोतवाली में लिखित तहरीर देकर अपनी शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता दिल्ली रोड स्थित एक प्रमुख इंटर कॉलेज में पढ़ाई करती है। छात्रा का आरोप है कि कॉलेज के अर्थशास्त्र (Economics) के शिक्षक डॉ. विजय कुमार मित्तल पिछले काफी समय से उस पर अवांछित दबाव बना रहे थे। आरोपी शिक्षक ने कई बार कक्षा के भीतर और बाहर छात्रा के सामने अशोभनीय और अश्लील प्रस्ताव रखे। इतना ही नहीं, विरोध करने पर शिक्षक ने अपनी ताकत का धौंस दिखाते हुए कहा कि यदि उसकी बातें नहीं मानी गईं, तो वह छात्रा को परीक्षा में फेल कर देगा।
कॉल रिकॉर्डिंग से बचने के लिए व्हाट्सएप का इस्तेमाल (Hapur News)
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी शिक्षक डिजिटल साक्ष्यों से बचने के लिए बेहद चालाकी बरत रहा था। वह सामान्य फोन कॉल के बजाय छात्रा को व्हाट्सएप पर कॉल करता था, ताकि उसकी बातें रिकॉर्ड न हो सकें। जब छात्रा ने इस मानसिक उत्पीड़न का विरोध करना चाहा और इसकी शिकायत दूसरों से करने की बात कही, तो आरोपी ने उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
सात अन्य छात्राओं ने भी की थी शिकायत (Hapur News)
इस मामले का एक और चौंकाने वाला पहलू यह है कि आरोपी शिक्षक केवल एक छात्रा तक सीमित नहीं था। पीड़ित छात्रा के अनुसार, कॉलेज की कम से कम सात अन्य छात्राएं भी इस शिक्षक के व्यवहार से त्रस्त हैं। इससे पहले भी छात्राओं ने एकजुट होकर शिक्षक की हरकतों के खिलाफ शिकायत करने का प्रयास किया था, लेकिन आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए उनका करियर तबाह करने का खौफ पैदा कर दिया। लोक-लाज और भविष्य खराब होने के डर से अन्य लड़कियां सामने नहीं आ सकीं।
पुलिस की कार्रवाई और जल्द गिरफ्तारी का दावा (Hapur News)
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि छात्रा की तहरीर पर आरोपी शिक्षक डॉ. विजय कुमार मित्तल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस की एक विशेष टीम मामले की गहराई से जांच कर रही है और छात्राओं के बयान दर्ज कराए जाएंगे। कोतवाली प्रभारी ने आश्वासन दिया है कि आरोपी शिक्षक को जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


