Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के विरोध में और आरोपियों को सद्बुद्धि देने की मांग को लेकर मंगलवार को जिला व शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा निकाली जाने वाली “सद्बुद्धि पदयात्रा” को पुलिस और प्रशासन ने रोक दिया। निर्धारित अनुमति न होने का हवाला देते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने भारी बल की तैनाती के साथ कांग्रेसियों को जिला कांग्रेस मुख्यालय पर ही रोक लिया। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच काफी देर तक तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली।
प्रशासनिक अमला रहा मुस्तैद, मुख्यालय छावनी में तब्दील (Hapur News)
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, कांग्रेस की यह “सद्बुद्धि पदयात्रा” तहसील चौराहा स्थित पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा से शुरू होकर बुलंदशहर रोड स्थित मां मनसा देवी मंदिर पर समाप्त होनी थी। हालांकि, सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए एसडीएम इला प्रकाश, सीओ अनीता चौहान और थाना प्रभारी हापुड़ मनीष चौहान भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मुस्तैद रहे। जैसे ही कांग्रेसी पदयात्रा के लिए आगे बढ़े, उन्हें मुख्यालय पर ही रोक दिया गया, जिससे कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला।
राकेश त्यागी बोले- ‘सरकार यात्रा रोक सकती है, आवाज नहीं दबा सकती'(Hapur News)
पदयात्रा रोके जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी ने भाजपा सरकार और स्थानीय प्रशासन की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा, “सरकार भले ही बलपूर्वक हमारी पदयात्रा को रोक सकती है, लेकिन सनातन धर्म और जनता की आवाज को नहीं दबा सकती।” उन्होंने आरोप लगाया कि अयोध्या के राम मंदिर में सनातन धर्म के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था जुड़ी है, लेकिन वहां हुए चढ़ावा चोरी मामले में सरकार की चुप्पी और लचर कार्रवाई हिंदुओं की आस्था पर प्रहार है। त्यागी ने सवाल उठाया कि जब चोरी करने वालों की संलिप्तता सामने आ चुकी है, तो सरकार उन पर कड़ी एफआईआर दर्ज करने से क्यों कतरा रही है?

क्या बोले शहर अध्यक्ष (Hapur News)
वहीं, कांग्रेस के शहर अध्यक्ष इरफान अहमद ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा अपने संरक्षण में चढ़ावा चोरों को बचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष को इस बात का डर है कि यदि आरोपियों पर कोई सख्त कानूनी शिकंजा कसा गया, तो वे इसमें शामिल कई बड़े राजनेताओं के नामों का पर्दाफाश कर देंगे। यही कारण है कि मामले को रफा-दफा करने के लिए महज हल्की-फुल्की विभागीय या औपचारिक कार्रवाई की जा रही है।
नारेबाजी कर ईश्वर से की सद्बुद्धि की कामना (Hapur News)
राकेश त्यागी और इरफान अहमद के संयुक्त नेतृत्व में एकत्रित हुए सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर ही सरकार की नीतियों और कथित चढ़ावा चोरों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद कांग्रेसी जनों ने सामूहिक रूप से ईश्वर से प्रार्थना की कि वे मंदिर के चढ़ावे पर डाका डालने वाले तत्वों और उन्हें संरक्षण देने वालों को सद्बुद्धि प्रदान करें।
View this post on Instagram
यह रहे मौजूद (Hapur News)
इस राजनैतिक प्रदर्शन के दौरान पिलखुआ नगर अध्यक्ष रजनीश त्यागी, गढ़मुक्तेश्वर नगर अध्यक्ष मुकेश कौशिक, पूर्व चेयरमैन प्रत्याशी मानवी सिंह, एससी-एसटी कांग्रेस जिलाध्यक्ष दीपक मोघे, एडवोकेट रघुवीर सिंह, आई.सी. शर्मा, डॉ. फराहीम, रामलाल आर्य, पंकज चौधरी, प्रवीण शर्मा समेत सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


