नई दिल्ली, 7 मार्च (khabarwala24)। होली के दिन दिल्ली के उत्तम नगर में हुई युवक की हत्या को लेकर विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने कहा कि यह घटना निंदनीय, चिंताजनक और हिन्दू समाज की आंखें खोल देने वाली है।
उन्होंने यह भी कहा कि ऐसा नहीं है कि इस तरह की घटना पहली बार हुई है। पिछले एक दशक में राजधानी में दर्जन भर से अधिक इस तरह की जघन्य हत्याओं की घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिरकार ये कितने हिन्दुओं की जान लेंगे। इनमें से किसी को भी फांसी की सजा नहीं हो पाई है।
विनोद बंसल ने कहा कि पहले पुलिस अपराधियों को पकड़ने से बचती है, एफआईआर तक दर्ज करने से बचती है। समाज का आक्रोश बढ़ने पर चंद लोगों को गिरफ्तार करके अपना कर्तव्य समझ लेती है। उन्होंने कहा कि वीडियो में साफ-साफ दिखाई दे रहा है कि झुंड ने न सिर्फ युवक की हत्या की, बल्कि परिवार के सदस्यों को घर में घुसकर मारा। महिलाओं को भी नहीं छोड़ा।
उन्होंने कहा कि पुलिस अभी तक आरोपियों को पकड़ने में नाकाम है। आखिर क्यों ये सब देखना पड़ रहा है? होली पर्व सिर्फ हिन्दुओं का नहीं है, बल्कि सांस्कृतिक विरासत है। इस पर्व के दौरान पानी की छीटें किसी महिला को क्या लग गईं, उनका इस्लाम खतरे में आ गया?
उन्होंने यह भी कहा कि ये कोई सामान्य घटना नहीं है, बल्कि हिन्दुओं को डराने और इस्लामिक कट्टरपंथियों की शक्ति प्रदर्शन का एक नमूना है। हिन्दू समाज को सचेत रहना पड़ेगा और प्रशासन को भी कठोर कार्रवाई करनी होगी।
बता दें कि होली के मौके पर उत्तम नगर में पानी की मामूली छींटों से विवाद शुरू हुआ और फिर 26 वर्षीय तरुण बुटोलिया की भीड़ द्वारा जान ले ली गई। एक महिला पर होली के रंग की कुछ छींटें पड़ीं, और इसको लेकर तरुण के परिवार वालों ने माफी मांग ली, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ।
कुछ वक्त बाद तरुण पर एक भीड़ ने हमला कर दिया, उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी गई, जिसमें उसकी मौत हो गई। आरोप है कि भीड़ ने तरुण के घर में घुसकर परिजनों के साथ भी मारपीट की। जिनके साथ मारपीट हुई, उनमें महिलाएं भी शामिल थीं।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


