Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News नगर के समाजसेवी संगठन खिदमत चैरिटी ग्रुप ने इंसानियत और सेवा भावना की एक अनुपम मिसाल पेश की है। रविवार को मोहल्ला नबी करीम में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान संस्था ने नगरवासियों को “डेड बॉडी फ्रीजर” समर्पित कर दिया। इस पहल से आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों को अपने परिजन के निधन के बाद शव को सुरक्षित रखने की बड़ी समस्या से राहत मिलेगी।
फ्रीजर पूरी तरह निःशुल्क रहेगा (Hapur News)
कार्यक्रम में शहर के सामाजिक, धार्मिक और गणमान्य नागरिकों की भारी भीड़ उमड़ी। लोगों ने खिदमत चैरिटी ग्रुप की इस पहल की जमकर सराहना की और इसे अत्यंत राहतभरा तथा प्रेरणादायक कदम बताया। संस्था के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह फ्रीजर पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। किसी भी परिवार को अंतिम संस्कार की व्यवस्था में देरी होने पर अब शव संरक्षण की कोई चिंता नहीं रहेगी।
“मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म” (Hapur News)
खिदमत चैरिटी ग्रुप के सक्रिय सदस्य यासीन मलिक ने कहा कि संस्था पिछले कई वर्षों से लगातार समाज सेवा के कार्यों में जुटी हुई है। उन्होंने बताया कि अक्सर आर्थिक तंगी, रिश्तेदारों के आने में देरी या अन्य कारणों से अंतिम संस्कार में समय लग जाता है। ऐसे में शव को सुरक्षित रखना परिवारों के लिए बड़ी चुनौती बन जाता है। इसी समस्या को देखते हुए संस्था ने डेड बॉडी फ्रीजर उपलब्ध कराने का निर्णय लिया। यासीन मलिक ने कहा, “मानवता की सेवा से बढ़कर कोई धर्म नहीं है।”
बहुआयामी सेवा कार्य (Hapur News)
खिदमत चैरिटी ग्रुप केवल हापुड़ तक सीमित नहीं है। संस्था अन्य राज्यों में भी राहत कार्य करती रही है। यासीन मलिक ने बताया कि हाल ही में पंजाब के बाढ़ पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता दी गई थी। इसके अलावा हर वर्ष संस्था लगभग 100 जरूरतमंद परिवारों को ईद किट वितरित करती है, जिसमें राशन, अनाज और दैनिक उपयोग की सामग्री शामिल होती है। गरीब मरीजों के निःशुल्क इलाज, दवाइयों और चिकित्सा सहायता में भी संस्था लगातार योगदान दे रही है।
मस्जिद कमेटी को सौंपा गया फ्रीजर (Hapur News)
कार्यक्रम के दौरान शहर इमाम कारी आसिम साहब ने डेड बॉडी फ्रीजर को मस्जिद कमेटी शकर कुई को औपचारिक रूप से सौंप दिया। इस अवसर पर उन्होंने पूरे समाज में अमन, भाईचारा, एकता और खुशहाली की दुआ की। पूरा कार्यक्रम सामाजिक सद्भाव और सेवा भावना से सराबोर रहा। उपस्थित जनसमूह ने इस पहल को समाज के लिए बेहद उपयोगी और प्रेरणादायक बताया।
यह रहे मौजूद (Hapur News)
इस मौके पर मुफ्ती खालिद, कारी अजीजुर्रहमान, डॉ. अकील मलिक, हसरत चौधरी, आदिल कुरैशी, सैय्यद फजलुर्रहमान, ईरशाद एडवोकेट, हाजी जमील मलिक, डॉ. गुलफाम ज़हीर, अमजद मलिक, युनुस कुरैशी, इंजार अहमद सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


