TVF की ‘Sapne Vs Everyone’ WebSeries: सपनों की लड़ाई और जिंदगी की सच्चाई की अनोखी दास्तान

Khabarwala 24 News New Delhi: WebSeries (निखिल वत्स) लगभग डेढ़ साल पहले यू ट्यूब पर TVF की एक सीरीज ‘Sapne Vs Everyone’ का ट्रेलर देखा। ट्रेलर से कुछ खास समझ नहीं आया। बस एक बार खाली समय में पहला एपिसोड चला दिया। शुरू के 10-15 मिनट सामान्य लगे, लेकिन फिर कहानी ने ऐसा बांध लिया […]

-Advertisement-
Join whatsapp channel Join Now
Join Telegram Group Join Now
-Advertisement-

Khabarwala 24 News New Delhi: WebSeries (निखिल वत्स) लगभग डेढ़ साल पहले यू ट्यूब पर TVF की एक सीरीज ‘Sapne Vs Everyone’ का ट्रेलर देखा। ट्रेलर से कुछ खास समझ नहीं आया। बस एक बार खाली समय में पहला एपिसोड चला दिया। शुरू के 10-15 मिनट सामान्य लगे, लेकिन फिर कहानी ने ऐसा बांध लिया कि पूरा सीजन लगातार देखते चले गए। आज जब अमेज़न प्राइम पर इसका दूसरा सीजन रिलीज हो चुका है, तो लगता है कि यह सीरीज TVF की अब तक की सबसे mature, dark और intense वेब सीरीज है।

दो अलग दुनिया, दो अलग किरदार(WebSeries)

सीरीज मुख्य रूप से दो युवाओं जिम्मी और प्रशांत की कहानी पर आधारित है। दोनों रियल एस्टेट एजेंसी में काम करते हैं, लेकिन उनकी सोच, उनका संघर्ष और उनका रास्ता बिल्कुल अलग है। जिम्मी (अंबरीश वर्मा) वह किरदार जिसके अंदर कोई नैतिकता नहीं बची है। सही-गलत की परवाह नहीं करता। वह हर हथकंडा अपनाने को तैयार है। उसके पिता सरल, सीधे और शरीफ इंसान हैं, जबकि उसका मामा (खलनायक) इतना खतरनाक और क्रूर है कि उसे देखकर दर्शक भी उसे हारते देखना चाहता है। मामा ने जिम्मी के बचपन को बर्बाद किया और अब उसे पूरी तरह तबाह करने पर तुला है। जिम्मी की जिंदगी बदले की आग से भरी हुई है।

सीरीज का सबसे दिलचस्प हिस्सा (WebSeries)

प्रशांत बिल्कुल उलटा। एक संवेदनशील, ईमानदार और नैतिक मूल्यों वाला लड़का। वह कलाकार है, थिएटर करता है, लेकिन जिंदगी की मजबूरियां उसे रियल एस्टेट की नौकरी करने पर मजबूर करती हैं। उसकी मां कैंसर के आखिरी स्टेज पर हैं और बस एक बार बेटे को हीरो के रूप में मंच पर देखना चाहती हैं। प्रशांत हर दिन अपमान, तिरस्कार और असफलता झेलता है, फिर भी मुस्कुराते हुए आगे बढ़ता रहता है। उसकी ईमानदारी उसे बार-बार नुकसान पहुंचाती है, लेकिन वह समझौता नहीं करता। दोनों किरदारों की मुलाकात और दोस्ती कहानी को नया मोड़ देती है। एक धोखेबाज, महत्वाकांक्षी और नैतिक रूप से भ्रष्ट, दूसरा सपनों का सच्चा दीवाना लेकिन टूटता हुआ। उनकी दोस्ती, टकराहट और साथ-साथ चलना सीरीज का सबसे दिलचस्प हिस्सा है।

दिल को छू लेने वाले दृश्य (WebSeries)

सीरीज में कई ऐसे सीन हैं जो लंबे समय तक दिमाग में रह जाते हैं। एक दृश्य विशेष रूप से याद रह गया जब प्रशांत को दो कपल फ्लैट दिखाने की आड़ में धोखा देते हैं। पड़ोसियों की शिकायत पर पुलिस आती है, प्रशांत की सार्वजनिक बेइज्जती होती है, थप्पड़ पड़ते हैं। बॉस उसे लूजर कहकर गालियां देता है। घर लौटकर वह बुरी तरह टूटा हुआ होता है। कमरे की फीकी पीली रोशनी, उतरी हुई दीवारें और उसकी मां से नजर मिलते ही चेहरे पर आने वाली मुस्कान यह ट्रांजिशन इतना पावरफुल है कि दिल निचोड़ कर रख देता है।

सीरीज सपनों की कीमत, ईमानदारी की कीमत और परिवार की जिम्मेदारियों को बहुत सच्चाई से दिखाती है। प्रशांत हर दिन खुद से वादा करता है “बस थोड़ा और सह लो, फिर सपना पूरा करेंगे” लेकिन जिंदगी उसे बार-बार तोड़ती है।

शानदार अभिनय और लेखन (WebSeries)

अंबरीश वर्मा ने न सिर्फ जिम्मी का किरदार निभाया है, बल्कि पूरी सीरीज लिखी और डायरेक्ट भी की है। उनका परफॉर्मेंस जबरदस्त है। मामा का किरदार इतना खूबसूरती से लिखा और निभाया गया है कि दर्शक उसे नफरत करता है, लेकिन उसकी मौजूदगी महसूस भी करता है।

प्रशांत के किरदार में भी गहराई है। उसकी निराशा, उम्मीद, टूटन और फिर उठ खड़े होने की प्रक्रिया बहुत natural लगती है। नवीन कस्तूरिया का रोल (प्रशांत के म्यूजिक टीचर) भी याद रह जाता है। पहले सीजन में प्रेरणा देने वाला गुरु दूसरे सीजन में खुद टूटा हुआ नजर आता है। यह दिखाता है कि जिंदगी हर किसी को तोड़ती है, चाहे वह कितना भी मजबूत क्यों न लगे।

डायलॉग्स फिल्मी नहीं, बल्कि असली जिंदगी जैसे लगते हैं। बीच-बीच में आने वाले फिलॉसॉफिकल मोनोलॉग और वन-लाइनर्स सीरीज को और गहराई देते हैं। बैकग्राउंड म्यूजिक, सिनेमैटोग्राफी और स्लो बर्न नरेटिव सीरीज की सबसे बड़ी ताकत है।

Season 1 vs Season 2 (WebSeries)

पहला सीजन यू ट्यूब पर रिलीज हुआ था। तब यह ज्यादा चर्चा में नहीं थी, लेकिन जिन्होंने देखी, वे इसका दीवाने हो गए। अब अमेज़न पर दूसरा सीजन आया है और यह पहले से भी ज्यादा intense और dark है। कुल 10 एपिसोड (दोनों सीजन मिलाकर) हैं, लेकिन हर एपिसोड लगभग एक घंटे का होने के बावजूद बोर नहीं करता।

दूसरा सीजन पहले सीजन की कहानी को आगे ले जाता है और कई नए सवाल खड़े करता है। क्या प्रशांत आखिरकार अपने सपनों को पूरा कर पाएगा? क्या उसे समझौता करना पड़ेगा? जिम्मी की बदले की आग उसे कहां ले जाएगी? मामा आखिरकार हारेगा या जीतेगा?

कुछ कमियां भी (WebSeries)

सीरीज परफेक्ट नहीं है। कुछ जगह कहानी थोड़ी इलॉजिकल लगती है। खासकर पहले सीजन में जिम्मी द्वारा मामा को दिए गए स्कैम और शर्त वाला हिस्सा मामा के किरदार के हिसाब से थोड़ा कमजोर लगता है। फिर भी कुल मिलाकर ये कमियां कहानी की ताकत के सामने फीकी पड़ जाती हैं।

क्यों देखें ‘Sapne Vs Everyone’?(WebSeries)

यह सीरीज उन सभी लोगों के लिए है जो बड़े सपने देखते हैं लेकिन दुनिया उन्हें हर रोज छोटा महसूस कराती है। यह दिखाती है कि सफलता की राह पर नैतिकता बनाए रखना कितना मुश्किल है। जिम्मी कहता है “तेरी ईमानदारी तुझे सफल नहीं होने देगी”। प्रशांत फिर भी कोशिश करता है।

सीरीज का सबसे बड़ा सवाल यही है —सपनों को पूरा करने के लिए क्या कीमत चुकानी पड़ती है? क्या सफलता के लिए कुछ मूल्य त्यागने पड़ते हैं? और अगर त्याग दिए तो आखिर में मिलने वाली सफलता संतोष देती भी है या नहीं?

Sapne Vs Everyone TVF की वो सीरीज है जो आपको बेचैन कर देती है, सोचने पर मजबूर करती है और अंत में कुछ सवालों के साथ छोड़ देती है। अगर आप स्लो बर्न, character-driven, dark और realistic ड्रामा पसंद करते हैं तो यह सीरीज आपके लिए है।

प्रस्तुति : निखिल वत्स

Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।

spot_img
Sheetal Kumar Nehra
Sheetal Kumar Nehrahttps://www.khabarwala24.com/
मेरा नाम Sheetal Kumar Nehra है। मैं एक सॉफ्टवेयर डेवलपर और कंटेंट राइटर हूं , मुझे मीडिया और समाचार सामग्री में 17 वर्षों से अधिक का विभिन्न संस्थानों (अमरउजाला, पंजाब केसरी, नवोदय टाइम्स आदि ) में कंटेंट रइटिंग का अनुभव है । मुझे वेबसाइट डिजाइन करने, वेब एप्लिकेशन विकसित करने और सत्यापित और विश्वसनीय आउटलेट से प्राप्त वर्तमान घटनाओं पर लिखना बेहद पसंद है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related News

Breaking News