Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News सावित्री वट अमावस्या के पावन अवसर पर ब्रजघाट गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। लाखों भक्तों ने मोक्षदायिनी मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए श्रद्धालु शुक्रवार देर शाम से ही ब्रजघाट पहुंचने लगे थे।
ब्रह्मकाल के शुभ मुहूर्त में शुरू हुआ स्नान (Hapur News)
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण गंगानगरी की धर्मशालाएं, मंदिर और आश्रम पूरी तरह भर गए। देर से पहुंचने वाले भक्तों को पक्के बांध, मुख्य बाजार, स्टेशन रोड, शिव चौक और अन्य खुले स्थानों पर रात गुजारनी पड़ी। आधी रात होते ही अधिकांश श्रद्धालु गंगा किनारे पहुंच गए। ब्रह्मकाल के शुभ मुहूर्त में ‘हर-हर गंगे’ और ‘गंगे मइया की जय’ के जयकारों के साथ स्नान का सिलसिला शुरू हुआ जो सूर्यास्त तक निरंतर चलता रहा।
मंदिरों में पूजा अर्चना की (Hapur News)
गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने घाट पर बैठे पंडितों से भगवान सत्यनारायण की कथा सुनी और दक्षिणा दी। विवाहित महिलाओं ने विशेष रूप से वट वृक्ष की पूजा-अर्चना कर अपने पतियों की दीर्घायु तथा अपने सुहाग की अखंडता की कामना की। महिलाएं गंगानगरी के विभिन्न मंदिरों- वेदांत मंदिर, अवंतिका देवी सिद्धपीठ, हनुमान मंदिर, गंगा मंदिर, श्रीकृष्ण मंदिर और शीतल आश्रम पहुंचकर अपने इष्ट देवों की पूजा-अर्चना भी कीं।इस अवसर पर ब्रजघाट गंगा घाट पूरे दिन भक्ति और आस्था का केंद्र बना रहा। दूर-दूर से आए भक्तों ने गंगा स्नान के साथ-साथ वट पूजा का संकल्प भी लिया। विवाहिताएं घरों और निकटवर्ती मंदिरों में भी वट वृक्ष की पूजा कर अखंड सौभाग्यवती रहने की मनौतियां मांगीं।
सुरक्षा के किए कड़े प्रबंध (Hapur News)
प्रशासन और स्थानीय व्यवस्थापकों ने भक्तों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए थे। गंगा घाट पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। स्नान के बाद श्रद्धालु गंगानगरी के विभिन्न धर्मस्थलों पर पहुंचकर पूजा-अर्चना में लीन रहे। इस पावन पर्व पर गंगा किनारे का पूरा वातावरण भक्ति-भाव से ओत-प्रोत रहा।सावित्री वट अमावस्या पर ब्रजघाट गंगा में हुई इस भारी भीड़ ने एक बार फिर हापुड़ की धार्मिक नगरी की गरिमा को रेखांकित किया। श्रद्धालु आस्था की इस डुबकी के साथ अपने घरों को लौट रहे हैं।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।



