Khabarwala 24 News Meerut: UP News पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपराध की दुनिया के एक खौफनाक अध्याय का शनिवार को अंत हो गया। बचपन में गलत संगत से अपराध की राह पर चल पड़ा और आगे चलकर सुपारी किलर बना कुख्यात अपराधी विनय त्यागी (Vinay Tyagi)उर्फ टिंकू त्यागी अब नहीं रहा। इलाज के दौरान ऋषिकेश एम्स में उसकी मौत हो गई।
52 से अधिक संगीन मामलों में नामजद रहे विनय त्यागी की मौत के साथ ही पश्चिमी यूपी और उत्तराखंड के कई जिलों में वर्षों से सक्रिय आपराधिक नेटवर्क के टूटने की बात कही जा रही है।
मेडिकल कॉलेज परिसर में बीता बचपन, यहीं बदली जिंदगी की दिशा (UP News)
मुजफ्फरनगर के पुरकाजी थाना क्षेत्र के खाईखेड़ी गांव निवासी विनय त्यागी के पिता सेवाराम त्यागी मेरठ के एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज में बाबू के पद पर तैनात थे। इसी वजह से विनय का बचपन मेडिकल कॉलेज परिसर में बीता।
करीब 40 साल पहले पिता ने उसका दाखिला कैंट क्षेत्र के एक प्रतिष्ठित निजी स्कूल में कराया, लेकिन यहीं से वह गलत संगत में पड़ गया और धीरे-धीरे अपराध की दुनिया में उतरता चला गया।
धमकी, रंगदारी और सुपारी किलिंग बना पहचान (UP News)
चार बहनों का इकलौता भाई विनय त्यागी माता-पिता का बेहद लाड़ला था, लेकिन बचपन की गलत संगत ने उसे अपराध के रास्ते पर धकेल दिया।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, धमकी देना, रंगदारी वसूलना और सुपारी लेकर हत्या करना उसके लिए आम बात हो गई थी।
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के विभिन्न थानों में उसके खिलाफ 52 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज थे।
कुख्यात अपराधियों से रहा नाता (UP News)
पुलिस सूत्रों के अनुसार विनय त्यागी के संबंध पश्चिम यूपी के कई दुर्दांत अपराधियों से रहे। उसका नाम सुशील मूंछ, बदन सिंह बद्दो जैसे शातिर अपराधियों के साथ भी जुड़ता रहा। डॉ. प्रमोद त्यागी और ठेकेदार सुभाष त्यागी से उसकी अदावत की भी चर्चाएं होती रहीं।
अकूत संपत्ति, लेकिन परिवार से दूरी (UP News)
अपराध की दुनिया में रहते हुए विनय त्यागी ने भारी संपत्ति तो जुटा ली, लेकिन उसके कृत्यों से आहत माता-पिता ने उससे दूरी बना ली थी।
86 वर्षीय पिता वर्तमान में अपनी बेटी के साथ रहते हैं। दो साल पहले विनय की मां का निधन हो चुका है।
बताया जाता है कि उसकी पत्नी निशी त्यागी दो बार पुरकाजी ब्लॉक प्रमुख रह चुकी हैं। विनय ने सहारनपुर की देवबंद विधानसभा सीट से चुनाव भी लड़ा, लेकिन हार का सामना करना पड़ा।
पुलिस अभिरक्षा में हमला, तीन गोलियां लगीं (UP News)
बुधवार को रुड़की जेल से लक्सर एसीजेएम कोर्ट में पेशी के लिए लाए जाते समय उत्तराखंड के लक्सर क्षेत्र में विनय त्यागी पर जानलेवा हमला हुआ।फ्लाईओवर के पास जाम के दौरान बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने सरकारी वाहन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी।
हमले में विनय को तीन गोलियां लगीं, जबकि वाहन में मौजूद दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए। गंभीर हालत में उसे ऋषिकेश एम्स में भर्ती कराया गया, जहां शनिवार सुबह उसकी मौत हो गई।
डबल मर्डर समेत कई संगीन मामले (UP News)
वर्ष 2021 में ब्रह्मपुरी निवासी प्रवीण शर्मा समेत दो लोगों की हत्या के मामले में विनय त्यागी नामजद आरोपी था।
इसके अलावा 1996 में मुजफ्फरनगर में प्रेम-प्रसंग से जुड़े दोहरे हत्याकांड, देहरादून में गैंगस्टर एक्ट और हालिया चोरी व धोखाधड़ी के मामलों में भी वह जेल में बंद था।
भारी पुलिस सुरक्षा में हुआ अंतिम संस्कार (UP News)
हिस्ट्रीशीटर विनय त्यागी का अंतिम संस्कार तीर्थ नगरी बृजघाट में देर रात करीब 11 बजे किया गया। शव पहुंचने की सूचना पर पुलिस अलर्ट रही और सुरक्षा व्यवस्था के बीच अंतिम संस्कार संपन्न कराया गया।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


