जयपुर, 6 दिसंबर (khabarwala24)। कांग्रेस नेता गोविंद सिंह डोटासरा ने शनिवार को बताया कि संविधान निर्माता बाबा साहेब अंबेडकर की पुण्यतिथि पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की तरफ से पुष्पांजलि अर्पित की गई।
डोटासरा ने khabarwala24 से बातचीत में कहा कि बाबा साहेब अंबेडकर ने देश को संविधान दिया, जिसके आधार पर शासन प्रक्रिया को संपन्न किया जाता है। बाबा साहेब अंबेडकर के संविधान में अभिव्यक्ति की आजादी का प्रावधान है, जिसके तहत देश के हर नागरिक को हर मुद्दे पर बोलने का पूरा अधिकार दिया गया है। इस अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा श्रेय बाबा साहेब को जाता है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि निसंदेह इस बात को खारिज नहीं किया जा सकता है कि हिंदुस्तान का लोकतंत्र इस विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। इसका भी पूरा श्रेय बाबा साहेब अंबेडकर को जाता है। लेकिन, आज की तारीख में केंद्र सरकार अपनी कार्यशैली से देश के लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश कर रही है, जो बिल्कुल भी उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार के शासनकाल में दलितों पर अपमान के मामले बढ़ रहे हैं। दलित समुदाय के हितों पर लगातार कुठाराघात किया जा रहा है। दलितों का उत्थान पूरी तरह से बंद हो चुका है और यह सब कुछ केंद्र की मौजूदा सरकार की वजह से हो रहा है।
उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार की तरफ से संवैधानिक संस्थाओं पर प्रहार किया जा रहा है, चाहे वो सीबीआई हो, ईडी हो या चुनाव आयोग। इस सरकार की तरफ से सभी प्रकार की संवैधानिक संस्थाओं पर हमला किया जा रहा है, ताकि लोकतंत्र की जड़ों को कमजोर किया जा सके। लेकिन, मैं एक बात स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि जब कांग्रेस पार्टी विपक्ष में है, तब तक हम इस तरह की स्थिति को धरातल पर किसी भी कीमत पर नहीं उतरने देंगे।
कांग्रेस नेता गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि हमारे नेता राहुल गांधी की तरफ से ‘संविधान बचाओ रैली’ का भी आगाज किया गया। साथ ही, जो भाजपा 400 से ज्यादा सीटों पर जीत का परचम लहराने का दावा कर रही थी, वो सिर्फ 240 सीटों पर ही सिमटकर रह गई।
उन्होंने दावा किया कि राजस्थान में भी हम देख पा रहे हैं कि लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं पर लगातार प्रहार किया जा रहा है। जो पंचायती राज और नगर निकाय के चुनाव 73वें और 74वें संशोधन के तहत हो जाने चाहिए थे, वो चुनाव अब तक नहीं हो पाए।
उन्होंने कहा कि बार-बार संविधान की अवहेलना करना इन लोगों की आदत सी हो चुकी है, क्योंकि वो इस बात को मानते ही नहीं हैं कि बाबा साहेब अंबेडकर ने संविधान को बनाया है।
Source : IANS
डिस्क्लेमर: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में Khabarwala24.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर Khabarwala24.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


