Khabarwala 24 News Mathura: Mathura News ब्रजभूमि के बरसाना में राधा जन्मोत्सव का उत्सव धूमधाम से मनाया गया। श्री राधारानी के प्राकट्योत्सव के मौके पर लाड़ली महल द्वापर युग की स्मृतियों को संजोता नजर आया। शनिवार रात से रविवार सुबह तक चारों दिशाओं से आए श्रद्धालुओं ने राधे-राधे के जयकारों से बरसाना को गुंजायमान कर दिया। तड़के अभिषेक से लेकर शाम तक भक्ति का सैलाब उमड़ा रहा।
राधारानी का जन्मोत्सव: मंगल बधाइयों से गूंजा मंदिर (Mathura News)
रात 2 बजे से लाड़ली मंदिर में मंगल बधाइयों का गायन शुरू हुआ। दाई, मान, सवासनी, नाइन, और नामकरण लीलाओं के भक्ति भरे पदों का प्रस्तुतिकरण किया गया। सुबह 4 बजे मंदिर के गर्भगृह में घंटे-घड़ियाल की ध्वनि और वेद मंत्रों की गूंज के साथ उत्सव का शुभारंभ हुआ। ब्रजाचार्य नारायन भट्ट द्वारा प्रकट राधारानी के विग्रह को चांदी की चौकी पर विराजमान किया गया, जिसे कमल पुष्पों से सजाया गया।
पवित्र अभिषेक: सात नदियों और सप्त अनाज से स्नान (Mathura News)
सुबह 4 बजे से एक घंटे तक चले अभिषेक में राधारानी के विग्रह को दूध, दही, शहद, गाय का घी, इत्र, बूरा, 27 पेड़ों की पत्तियों, 27 जगह की रज, 27 कुओं के जल, सप्त अनाज, सात मेवा, और सात फलों से स्नान कराया गया। यमुना सहित सात नदियों के जल से भी अभिषेक किया गया। आचार्यों ने वेद मंत्रों के साथ नवग्रह देवताओं का आह्वान किया। भक्तों ने मिट्टी के बर्तनों से दूध की धारा और पुष्प वर्षा के साथ भक्ति का अनुपम दृश्य प्रस्तुत किया।
पीली पोशाक में राधारानी का अलौकिक श्रृंगार (Mathura News)
अभिषेक के बाद सुबह 5:30 बजे राधारानी को पीले रंग की फरुआ नुमा पोशाक धारण कराई गई। श्रद्धालु “बरसाने वाली की जय” और “वृषभानु नंदिनी की जय” के जयकारों से माहौल को भक्तिमय बना रहे थे। सेवायतों ने युगल स्वरूप की आरती उतारी।
शीशमहल में दर्शन और बधाई उत्सव (Mathura News)
सुबह 8 बजे राधारानी ने शीशमहल से भक्तों को दर्शन दिए। नंदगांव से आए भक्तों ने दूसरे दिन भी बधाई गायन के साथ वृषभानु जी को लाड़ली के जन्म की बधाई दी। बृषभानोत्सव में श्रद्धालु जमकर थिरके। बरसाना और नंदगांव के निवासियों ने बधाई पदों के साथ राधा नाम का गुणगान किया, जिससे पूरा ब्रज राधामय हो गया।
आतिशबाजी और वर्षा ने बढ़ाया उत्साह (Mathura News)
राधा जन्मोत्सव के दौरान आतिशबाजी और वर्षा ने उत्सव का उत्साह दोगुना कर दिया। भक्तों ने अपनी आराध्या का गुणगान अपने-अपने अंदाज में किया, जिससे बरसाना का हर कोना राधा भक्ति में डूबा नजर आया।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।










