मैड्रिड, 15 जनवरी (khabarwala24)। अल्बासेटे के कार्लोस बेलमोंटे स्टेडियम में आयोजित फुटबॉल लीग कोपा डेल रे में रियल मैड्रिड को हार का सामना करना पड़ा। उनकी टीम को दूसरी टियर की टीम अल्बासेटे ने 3-2 से शिकस्त दी। अल्वारो अर्बेलोआ का रियल मैड्रिड के कोच के तौर पर यह डेब्यू मुकाबला था, जिसमें उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा।
घने कोहरे के बीच हुए मुकाबले के लिए आर्बेलोआ ने अपनी पुरानी टीम कास्तिया बी-टीम के खिलाड़ियों पर भरोसा जताया और युवा खिलाड़ियों जॉर्ज सेस्टेरो और डेविड जिमेनेज को शुरुआती एकादश में शामिल किया। दूसरी ओर, अल्बासेटे ने भी अपने कई नियमित खिलाड़ियों को आराम दिया था।
सिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, मैच का पहला गोल 42वें मिनट में अल्बासेटे की ओर से आया। कॉर्नर किक पर जावी विल्लार ने शानदार तरीके से गेंद को जाल में पहुंचाकर अपनी टीम को बढ़त दिलाई। पहले हाफ के अंतिम पलों में रियल मैड्रिड ने वापसी की। इंजरी टाइम में फ्रैंको मस्तांतुओनो ने गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया। इस गोल में डीन हॉयसन के हेडर से मिली मदद अहम रही।
दूसरे हाफ के अंतिम चरण में मुकाबला और रोमांचक हो गया। 82वें मिनट में जेफ्टे बेटानकोर ने अल्बासेटे को फिर से बढ़त दिला दी। यह गोल तब आया जब गोंजालो गार्सिया गेंद को ठीक से क्लियर नहीं कर सके और बेटानकोर ने वॉली मारकर गेंद को गोल में डाल दिया।
इसके बाद लगा कि रियल मैड्रिड मैच को एक्स्ट्रा टाइम में ले जाएगा। गोंजालो गार्सिया ने कॉर्नर से हेडर लगाकर 2-2 की बराबरी कर दी, लेकिन यह खुशी ज्यादा देर नहीं टिक सकी। इंजरी टाइम के चौथे मिनट यानी 94वें मिनट में जेफ्टे बेटानकोर ने तेज काउंटर अटैक के बाद निर्णायक गोल कर अल्बासेटे को ऐतिहासिक जीत दिला दी। उनका पहला शॉट भले ही रोका गया, लेकिन रीबाउंड पर उन्होंने शांति से गेंद को गोलकीपर आंद्रेई लूनिन के ऊपर से चिप कर नेट में पहुंचा दिया।
इस बीच, कोपा डेल रे के अन्य मुकाबलों में रियल बेटिस ने एल्चे को 2-1 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। एल्चे ने 58वें मिनट में लियो पेट्रोट के गोल से बढ़त बनाई, लेकिन चिमी अविला ने 68वें और 81वें मिनट में दो गोल दागकर मैच का रुख पलट दिया।
एक अन्य मैच में डेपोर्टिवो अलावेस ने रायो वायेकानो को 2-0 से हराकर 2018 के बाद पहली बार क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। अलावेस की ओर से टोनी मार्टिनेज और कार्लोस विसेंटे ने गोल किए। वहीं रायो के लिए यह रात बेहद खराब रही, जहां सर्जियो कैमेलो चोटिल हो गए और इसी पलाज़ोन को रेड कार्ड दिखाकर मैदान से बाहर कर दिया गया।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


