Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News जनपद के ब्रजघाट गंगा घाट पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां गंगा स्नान करने आया मेरठ का 21 वर्षीय युवक तेज जलधारा में बह गया। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस और गोताखोरों की टीम युवक की तलाश में जुटी हुई है, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका।
क्या है पूरा मामला (Hapur News)
जानकारी के अनुसार मेरठ के जागृति विहार निवासी अयांश कुमार अपनी मौसी शिवानी के साथ गंगा स्नान के लिए ब्रजघाट आया था। सुबह के समय जब वह गंगा में स्नान कर रहा था, तभी अचानक वह जलधारा में बने भंवर की चपेट में आ गया। देखते ही देखते वह गहरे पानी में जाने लगा।
डूबते समय युवक ने खुद को बचाने के लिए शोर मचाया, जिसे सुनकर आसपास मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की। कुछ लोग पानी में भी उतरे, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण उसे बचाया नहीं जा सका। कुछ ही पलों में युवक सबकी आंखों के सामने से ओझल हो गया।
मौके पर मची अफरा तफरी (Hapur News)
घटना के बाद घाट पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। युवक की मौसी शिवानी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत गोताखोरों को बुलाकर तलाश अभियान शुरू कराया।पुलिस के अनुसार गोताखोर लगातार गंगा की जलधारा में युवक की तलाश कर रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिल पाई है। प्रशासन का कहना है कि तलाश अभियान जारी रहेगा और हर संभव प्रयास किया जा रहा है।
सावधान बरतने की आवश्यकता (Hapur News)
यह हादसा एक बार फिर गंगा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता की जरूरत को उजागर करता है। विशेष रूप से बरसात या तेज बहाव के समय स्नान करते हुए अतिरिक्त सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।



