Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News जिले में ऑनलाइन धोखाधड़ी का एक गंभीर मामला सामने आया है। हापुड़ देहात थाना क्षेत्र के कृष्णा नगर निवासी और भारतीय वायु सेना के सेवानिवृत्त फ्लाइंग ऑफिसर नरेंद्र कुमार गोस्वामी साइबर ठगी का शिकार हो गए हैं। शातिर ठगों ने यूट्यूब पर सस्ता ड्राई फ्रूट बेचने का विज्ञापन दिखाकर और बाद में रिफंड का झांसा देकर उनके बैंक खाते से 84,325 रुपये उड़ा लिए।
यूट्यूब विज्ञापन देखकर दिया था काजू-बादाम का ऑर्डर (Hapur News)
पीड़ित नरेंद्र कुमार गोस्वामी ने पुलिस को सौंपी तहरीर में बताया कि 29 जून 2026 को उन्होंने यूट्यूब पर ‘श्रीराम ड्राई फ्रूट’ नाम का एक विज्ञापन देखा था। आकर्षक ऑफर देखकर उन्होंने एक-एक किलो बादाम, काजू और किशमिश का ऑर्डर दिया। इसके बाद ठगों द्वारा भेजे गए क्यूआर कोड पर भीम पे ऐप के माध्यम से 1080 रुपये का ऑनलाइन भुगतान कर दिया।
जीएसटी समस्या का बहाना बनाकर रिफंड का दिया झांसा (Hapur News)
भुगतान के बाद भी जब सामान नहीं पहुंचा तो 02 जुलाई 2026 को पीड़ित ने यूट्यूब पर वही विज्ञापन दोबारा देखकर दिए गए नंबर पर फोन मिलाया। फोन पर बात करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम राजेश दीवान बताया। उसने कहा कि कंपनी में जीएसटी से संबंधित तकनीकी समस्या आ रही है, इसलिए आपका 1080 रुपये का भुगतान वापस (रिफंड) किया जा रहा है और अब आप इस सामान को ‘कैश ऑन डिलीवरी’ पर मंगवा लीजिए।
मर्चेंट पेमेंट और कोड के नाम पर 5-6 बार में उड़ाए रुपये (Hapur News)
ठग ने पीड़ित का विश्वास जीतने के लिए फोनपे पर मर्चेंट पेमेंट की प्रक्रिया शुरू कराई। उसने एक संदेश भेजकर 11 लिखकर भुगतान करने को कहा, जिससे पीड़ित के खाते में 1 रुपया जमा हो गया। विश्वास में आकर जब पीड़ित ने 1080 रुपये वापस लेने के लिए ठग के कहे अनुसार 1080 के आगे 1 लगाकर (10801 रुपये) दर्ज किए, तो खाते में रुपये आने के बजाय 10801 रुपये कट गए।
जब पीड़ित ने आपत्ति जताई तो जालसाज ने तकनीकी खराबी और देरी होने का बहाना बनाकर बार-बार नए कोड दर्ज करवाए। इस तरह झांसा देकर 5 से 6 किश्तों में पीड़ित के खाते से कुल 84,325 रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए।
साइबर सेल और 1930 पर शिकायत दर्ज (Hapur News)
जब ठग ने लाभार्थी (बेनेफिशियरी) जोड़ने के नाम पर बैंक विवरण मांगा, तब पीड़ित को ठगी का पूरा अहसास हुआ। पीड़ित ने तुरंत साइबर सेल पहुंचकर राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके साथ ही भारतीय स्टेट बैंक की हेल्पलाइन पर भी शिकायत दी गई। पीड़ित ने थाना हापुड़ देहात पुलिस से दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने और डूबी रकम वापस कराने की गुहार लगाई है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।










