Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News उत्तर प्रदेश के जनपद हापुड़ से एक दुखद और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। धौलाना थाने में तैनात एक पुलिस सिपाही ने पहरा ड्यूटी के दौरान अपनी ही सरकारी राइफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। अचानक चली गोली की आवाज से थाना परिसर में हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आनन-फानन में सहकर्मियों द्वारा घायल सिपाही को उपचार के लिए पिलखुवा स्थित मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक जवान की पहचान आगरा निवासी आशीष के रूप में हुई है।
फोन पर बात करने के बाद सरकारी राइफल से चलाई गोली (Hapur News)
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आगरा जिले के निबौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत फतेहाबाद तहसील के गांव हीरापुरा निवासी आशीष (2025 बैच) धौलाना थाने में सिपाही के पद पर तैनात थे। वह बीते 24 अप्रैल को ही स्थानांतरण के बाद धौलाना थाने में पदस्थ हुए थे। रविवार की सुबह सिपाही आशीष की ड्यूटी थाने में पहरा ड्यूटी पर लगी हुई थी।
बताया जा रहा है कि रविवार सुबह ड्यूटी के दौरान सिपाही आशीष फोन पर किसी से बात कर रहे थे। फोन कटने के कुछ ही देर बाद उन्होंने अपनी सरकारी राइफल से खुद को गोली मार ली। गोली की तेज आवाज सुनते ही थाने में मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों में सनसनी फैल गई। साथी पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और खून से लथपथ सिपाही को गाड़ी में डालकर तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
15 दिन की छुट्टी काटकर दो दिन पहले ही लौटा था सिपाही (Hapur News)
घटना की जानकारी मिलते ही जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और घटना की विस्तृत जानकारी ली। जांच के दौरान यह बात सामने आई है कि सिपाही आशीष दो दिन पहले ही अपने गांव से 15 दिन की छुट्टी बिताकर वापस ड्यूटी पर आया था।
घर से लौटने के महज 48 घंटे के भीतर सिपाही द्वारा उठाए गए इस आत्मघाती कदम से साथी पुलिसकर्मी भी स्तब्ध हैं। पुलिस प्रशासन ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी है। परिजनों के हापुड़ पहुंचने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
डिप्रेशन की आशंका, कारणों की जांच में जुटी पुलिस (Hapur News)
शुरुआती जांच और सहकर्मियों से मिली जानकारी के अनुसार, सिपाही आशीष पिछले कुछ दिनों से किसी बात को लेकर मानसिक तनाव (डिप्रेशन) में चल रहे थे। हालांकि, उन्होंने यह खौफनाक कदम किसी पारिवारिक कारण से उठाया या फिर कोई अन्य वजह थी, इसका सटीक खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना से ठीक पहले सिपाही की फोन पर किससे बात हुई थी, इसकी पड़ताल के लिए कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) खंगाले जा रहे हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहराई से जांच कर रही है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।










