Khabarwala 24 News Bulandshahr: Bulandshahr News उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जनपद के खुर्जा नगर में शनिवार देर रात एक जन्मदिन की पार्टी अचानक खूनी वारदात में बदल गई। खुर्जा के सुभाष रोड स्थित एक जिम में चल रहे बर्थडे सेलिब्रेशन के दौरान मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि तीन युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस ट्रिपल मर्डर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
क्या है पूरा मामला (Bulandshahr News)
जानकारी के अनुसार, जिम संचालक जीतू के जन्मदिन के मौके पर उसके दोस्तों और परिजनों ने जिम में पार्टी का आयोजन किया था। देर रात करीब 12 बजे तक डीजे की धुन पर नाच-गाना और जश्न का माहौल बना हुआ था। इसी दौरान पार्टी में मौजूद मनीष, आकाश और अमरदीप ने मजाक में बर्थडे बॉय के चेहरे पर केक लगा दिया। बताया जा रहा है कि इसी छोटी सी बात पर विवाद शुरू हो गया।
तमंचे निकालकर की फायरिंग (Bulandshahr News)
चश्मदीदों के मुताबिक, पहले कहासुनी हुई, फिर गाली-गलौज और देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया। माहौल इतना बिगड़ गया कि बर्थडे मना रहे युवक और उसके कुछ साथियों ने अचानक तमंचे निकाल लिए और फायरिंग शुरू कर दी। जिम के अंदर अचानक गोलियां चलने से अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई (Bulandshahr News)
हमलावरों ने मनीष, आकाश और अमरदीप को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। गंभीर रूप से घायल तीनों युवक मौके पर ही गिर पड़े। अत्यधिक खून बहने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेर लिया गया। एसपी देहात अंतरिक्ष जैन ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए कई टीमों का गठन किया गया है और आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजन में मचा कोहराम (Bulandshahr News)
बताया जा रहा है कि मृतक तीनों युवक आपस में रिश्तेदार थे। मनीष और अमरदीप चचेरे भाई थे, जबकि आकाश अमरदीप का भतीजा था। इस घटना से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जिससे परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक एक राजनीतिक परिवार से जुड़े बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने जांच की शुरू (Bulandshahr News)
वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है। एहतियात के तौर पर इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। जिम को फिलहाल सील कर दिया गया है और फोरेंसिक टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी है। वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मौके का निरीक्षण किया है।पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


