Khabarwala 24 News Bulandshahr: Bulandshahr News उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले की शिकारपुर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक और पूर्व राज्यमंत्री अनिल शर्मा का बुधवार को दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन की खबर आते ही बुलंदशहर सहित पूरे राजनीतिक हलके में शोक की लहर दौड़ गई। वह पिछले लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे और दिल्ली के अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था।
कैंसर से पीड़ित थे अनिल शर्मा, अस्पताल में ली अंतिम सांस (Bulandshahr News)
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूर्व राज्यमंत्री अनिल शर्मा कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। डॉक्टरों की देखरेख में लगातार उनका उपचार जारी था, लेकिन बुधवार को इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। चार बार विधायक रह चुके अनिल शर्मा के निधन से उनके पैतृक गांव सुरजावली और संपूर्ण बुलंदशहर जनपद के कार्यकर्ताओं व समर्थकों में गहरा शोक व्याप्त है। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
कम उम्र में बने प्रधान, 2002 में पहली बार पहुंचे विधानसभा (Bulandshahr News)
बुलंदशहर जिले के शिकारपुर विधानसभा क्षेत्र स्थित सुरजावली गांव के निवासी अनिल शर्मा ने बेहद कम उम्र में अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी। वह अपने गांव सुरजावली से निर्विरोध ग्राम प्रधान चुने गए थे। इसके बाद उन्होंने प्रादेशिक राजनीति में कदम रखा और वर्ष 2002 में पहली बार बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के टिकट पर खुर्जा विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर पहली बार विधायक बने। अपनी जनप्रियता के बल पर वह वर्ष 2007 में भी खुर्जा सीट से ही बसपा के टिकट पर दूसरी बार विधानसभा पहुंचे। वर्ष 2012 के चुनाव में शिकारपुर सीट से हार का सामना करने के बाद अनिल शर्मा ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया था।
योगी सरकार में बने थे वन राज्य मंत्री (Bulandshahr News)
भाजपा में शामिल होने के बाद अनिल शर्मा ने वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में शिकारपुर सीट से प्रचंड जीत दर्ज की। उनकी वरिष्ठता और कार्यशैली को देखते हुए प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के पहले कार्यकाल में उन्हें वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके बाद वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया और वह शिकारपुर सीट से दोबारा विधायक चुने गए। उनके निधन से क्षेत्र ने एक समर्पित और जनप्रिय नेता खो दिया है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।










