नई दिल्ली, 3 जनवरी (khabarwala24)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष मिथुन मन्हास के अनुसार, बोर्ड का बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 सीजन से रिलीज करने का फैसला सिर्फ टूर्नामेंट तक ही सीमित है। भारत में वर्ल्ड कप मुकाबलों को लेकर अभी कोई फैसला नहीं हुआ है।
मन्हास ने khabarwala24 को बताया, “बीसीसीआई ने पूरे विचार-विमर्श के बाद यह फैसला लिया है। देवजीत सैकिया ने पहले ही मीडिया को इसकी जानकारी दी थी। यह फैसला सिर्फ आईपीएल से जुड़ा है। हमने अभी वर्ल्ड कप पर चर्चा नहीं की है। ऐसा होने के बाद हम जानकारी साझा करेंगे।”
यह डेवलपमेंट तब हुआ जब बीसीसीआई सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने कहा कि 3 बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को उस देश में हाल के डेवलपमेंट्स के कारण बीसीसीआई के निर्देशों के बाद 2026 आईपीएल के लिए अपनी टीम से बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करने के लिए कहा गया है।
केकेआर ने आईपीएल ऑक्शन में मुस्तफिजुर रहमान को 9.2 करोड़ रुपये में खरीदा था। हाल के दिनों में बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार बढ़ता जा रहा है। ऐसे में बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को अपने साथ जोड़ने पर केकेआर और उसके मालिक शाहरुख खान को भी आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है।
इस खिलाड़ी ने साल 2016 में आईपीएल करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने शुरुआती दो सीजन सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) की तरफ से खेले। इसके बाद मुंबई इंडियंस (एमआई) और राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के लिए एक-एक सीजन खेला।
मुस्तफिजुर रहमान आईपीएल 2022 और 2023 में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) की ओर से खेलते नजर आए। इसके बाद उन्होंने आईपीएल 2024 में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के लिए खेला, जबकि आईपीएल 2025 में एक बार फिर डीसी के लिए खेलते दिखे। इस तेज गेंदबाज ने आईपीएल करियर में अब तक 60 मैच खेले हैं, जिसमें 28.44 की औसत के साथ 65 विकेट हासिल कर चुके हैं।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन भारत और श्रीलंका की सह-मेजबानी में होगा। बांग्लादेश की टीम 7, 9 और 14 फरवरी को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज, इटली और इंग्लैंड के खिलाफ मैच मुकाबले खेलेगी, जिसके बाद उसे 17 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में नेपाल का सामना करना है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


