बुलावायो, 18 जनवरी (khabarwala24)। भारत की अंडर-19 टीम के कप्तान आयुष म्हात्रे ने अपने युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि वैभव ने दबाव भरे हालात में भी बहुत समझदारी और आत्मविश्वास के साथ बल्लेबाजी की। सिर्फ 14 साल के वैभव ने 67 गेंदों पर 72 रन बनाए और आईसीसी अंडर-19 पुरुष क्रिकेट विश्व कप में भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई। यह मैच शनिवार को बांग्लादेश के खिलाफ खेला गया।
इस जीत के साथ भारत ने टूर्नामेंट में अपनी अजेय बढ़त बनाए रखी और ग्रुप-बी में अपनी मजबूत स्थिति और पुख्ता कर ली। कम उम्र के बावजूद वैभव सूर्यवंशी ने अपने करियर की शुरुआत में ही कई बड़ी उपलब्धियां हासिल कर ली हैं और हाल के मैचों में उनका बल्ला लगातार बोल रहा है।
कप्तान आयुष म्हात्रे ने आईसीसी से कहा, “(सूर्यवंशी) ने अपनी मैच्योरिटी दिखाई और बहुत शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने धैर्य भी दिखाया; टीम चाहती थी कि वह क्रीज पर टिके रहें, इसलिए वह टिके रहे। शुरुआत में हालात मुश्किल थे क्योंकि विकेट में थोड़ी नमी थी और गेंद थोड़ी धीमी आ रही थी। इसलिए थोड़ी मुश्किल हो रही थी। लेकिन जिस तरह से अभिज्ञान कुंडू और सूर्यवंशी ने बल्लेबाजी की, और बाद में कनिष्क चौहान ने अच्छी बल्लेबाजी की।”
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 238 रन बनाए। बारिश के कारण बांग्लादेश के लक्ष्य में बदलाव हुआ और डकवर्थ–लुईस नियम के तहत उन्हें 29 ओवर में 165 रन का लक्ष्य मिला। इसके बावजूद भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया और बांग्लादेश की टीम 146 रन पर सिमट गई। भारत ने यह मैच 18 रन से जीत लिया।
अभिज्ञान कुंडू ने 112 गेंदों पर 80 रन की संयमित पारी खेली और वैभव के साथ चौथे विकेट के लिए 62 रन की अहम साझेदारी की। वहीं कनिष्क चौहान ने 26 गेंदों पर 28 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
म्हात्रे ने कहा, “(कुंडू) इस टूर्नामेंट में बहुत अच्छी बैटिंग कर रहा है, और फॉर्म में भी है, इसलिए यह हमारे लिए बहुत अच्छा है कि वह बहुत शानदार बैटिंग कर रहा है और हमारी टीम के लिए रन बना रहा है। यह हमारे लड़कों की तरफ से सच में एक शानदार जीत थी, यह बहुत बड़ी जीत थी। हम बस अपना गेम खेलते हैं, हम अभी ज़्यादा नहीं सोच रहे हैं, बस अपनी क्रिकेट खेलने पर ध्यान दे रहे हैं।”
इससे पहले टूर्नामेंट के पहले ही मैच में भारत ने अमेरिका को छह विकेट से हराया था। बांग्लादेश पर जीत के बाद अब भारतीय टीम को एक हफ्ते का ब्रेक मिला है और अगला ग्रुप मैच 24 जनवरी को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला जाएगा, जिसके बाद सुपर सिक्स स्टेज की शुरुआत होगी।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


