नई दिल्ली, 19 मार्च (khabarwala24)। दिल्ली के वेलकम थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक कुख्यात लुटेरे को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने लूट के दो मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया है। पुलिस ने गुरुवार को इस कार्रवाई की जानकारी दी।
पुलिस की ओर से जारी एक प्रेस नोट के अनुसार, 17 मार्च की शाम को मोहम्मद सलमान (18) और एक 14 वर्षीय किशोरी ने इलाके में गश्त कर रही पुलिस टीम, जिसमें हेड कांस्टेबल संदीप और कांस्टेबल गौरव शामिल थे, से संपर्क किया। दोनों ने बताया कि झिलमिल पार्क के पास एक अज्ञात व्यक्ति ने चाकू की नोक पर उनसे मोबाइल फोन लूट लिए और मौके से फरार हो गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना वेलकम में एफआईआर संख्या 102/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(4)/317(2) में मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई। मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए घटनास्थल के आसपास से सुराग जुटाए और एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान अभिषेक उर्फ बाबा (24), पुत्र मुकेश, निवासी वेलकम, दिल्ली के रूप में हुई है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने लूट की वारदात को अंजाम देने की बात कबूल कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने लूटे के दोनों मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी लूट और झपटमारी के चार मामलों में शामिल रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


