Gujarat News Khabarwala 24 News Gujarat:अपराधी अपने आप को कितना ही शातिर क्यों न समझे, एक दिन वह पुलिस के हत्थे चढ़ ही जाता है। गुजरात की सूरत की पुलिस ने भी ऐसे ही एक अपराधी को मथुरा से धर दबोचा। सूरत में 23 वर्ष पूर्व प्रेमिका के घर आने वाले युवक पर शक होने पर दोस्तों की मदद से अपहरण करने के बाद युवक की हत्या कर दी। इसके बाद नंदगांव आकर साधु के भेष में आश्रम में रह रहा था। सूरत पुलिस की ओर से 45 हजार के इनामी हत्यारोपी को क्राइम ब्रांच पुलिस नंदगांव से पकड़ कर ले गयी।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार करीब 23 वर्ष पूर्व सूरत में विजय सचिदास नामक युवक की अपहरण के बाद हत्या हो गयी थी। इस मामले में पुलिस ने कई युवकों को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन तभी से मुख्य आरोपी गंजाम, शहर, उड़ीसा निवासी पदम उर्फ राकेश पांडा फरार चल रहा था। सूरत पुलिस लगातार उसकी तलाश करती रही। लेकिन कुछ पता नहीं चला। इस पर पुलिस ने हत्यारोपी पर 45 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। सूरत की प्रिवेंटिव ऑफ क्राइम ब्रांच लगातार उसकी तलाश कर रही थी, तभी लोकल इंटेलीजेंस, सर्विलांस की मदद से क्राइम ब्रांच, सूरत टीम ने विगत दिन नंदगांव, बरसाना स्थित कुंज कुटी आश्रम से साधु बन कर रह रहे हत्यारोपी इनामी पदम उर्फ राकेश पांडा को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गयी।
प्रेमिका के घर आने वाले की कर दी थी हत्या
बताया गया कि पदम उर्फ, राकेश पांडे की एक युवती से दोस्ती हो गयी थी। उसकी प्रेमिका के घर पर विजय सचिदास नामक युवक आता जाता रहता था। यह राकेश को बुरा लगने लगा। उसे शक हो गया कि वह उसकी प्रेमिका को अपना जाल में फंसा रहा है। इस शक के आधार पर राकेश ने अपने दोस्तों के साथ मिल विजय का अपहरण करने के बाद उसकी गला दबाकर हत्या कर दी और नाले में फेंक दिया। इस मामले में इसके साथी तो पुलिस ने पकड़ लिए थे, यह फरार चल रहा था। पुलिस ने बताया कि कस्बे में कुंज कुटी से एक साधुवेश धारी हत्यारोपी को कोर्ट के वारेंट के आधार पर सूरत पुलिस गिरफ्तार कर लिया।











