Khabarwala 24 News Varanasi: वाराणसी में मंगलवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी कुख्यात अपराधी बनारसी यादव मारा गया। यह एनकाउंटर सारनाथ थाना क्षेत्र के बरियासनपुर मार्ग पर हुआ। बनारसी यादव कॉलोनाइजर महेंद्र गौतम हत्याकांड में वांछित था और उस पर हत्या, लूट समेत कुल 21 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे।
एसटीएफ ने की घेराबंदी (Varanasi News)
एसटीएफ वाराणसी को खुफिया सूचना मिली थी कि बनारसी यादव किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए बरियासनपुर के रास्ते दयालपुर की ओर जाने वाला है। सूचना के आधार पर अपर पुलिस अधीक्षक विनोद सिंह के निर्देशन में निरीक्षक अमित श्रीवास्तव और निरीक्षक अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में एसटीएफ टीम ने इलाके में घेराबंदी की।
मुठभेड़ में घायल हुआ बदमाश (Varanasi News)
इसी दौरान बाइक से दो बदमाश आते दिखाई दिए। एसटीएफ के रोकने का इशारा करने पर बाइक चला रहा बदमाश मौके से फरार हो गया, जबकि पीछे बैठे बनारसी यादव ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में बनारसी यादव के सीने में गोली लगी, जिससे वह मौके पर गिर पड़ा। घायल अवस्था में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बुलेटफ्रूफ जैकेट से पुलिस कर्मियों की बची जान (Varanasi News)
आमने-सामने हुई इस मुठभेड़ में बनारसी यादव दोनों हाथों से .30 और .32 बोर की पिस्टल से लगातार फायरिंग कर रहा था। इस दौरान एक-एक गोली निरीक्षक अमित श्रीवास्तव और निरीक्षक अनिल कुमार सिंह को लगी, लेकिन दोनों के बुलेटप्रूफ जैकेट पहनने के कारण उनकी जान बच गई। मौके से दो पिस्टल और बड़ी संख्या में कारतूस बरामद किए गए हैं।
महेंद्र गौतम हत्याकांड को दिया था अंजाम (Varanasi News)
बताया गया कि 21 अगस्त को सारनाथ के अरिहंत नगर कॉलोनी फेज-2 में बनारसी यादव ने अपने साथियों अरविंद यादव उर्फ फौजी उर्फ कल्लू और विशाल के साथ मिलकर कॉलोनाइजर महेंद्र गौतम की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस हत्या के लिए उसे पांच लाख रुपये की सुपारी दी गई थी।
फैंटू ने रची थी हत्या की साजिश (Varanasi News)
पुलिस जांच में सामने आया है कि मुंबई में रहने वाले गाजीपुर के रामपुर ढकवां (खानपुर) निवासी बिल्डर और प्रॉपर्टी डीलर जोगेंद्र यादव उर्फ फैटू ने इस हत्या की साजिश रची थी। जमीन विवाद के चलते करीब 50 करोड़ रुपये की 40 बिस्वा जमीन को लेकर यह हत्या कराई गई थी। इस मामले में फैटू समेत अन्य आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


