Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News रक्षाबंधन पर्व के मद्देनज़र हापुड़ के धौलाना तहसील क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मिलावटखोरों पर शिकंजा कसा है। जिलाधिकारी के निर्देश और आयुक्त के आदेश पर सोलाना-लालपुर गांव में तीन खोया निर्माण इकाइयों पर छापेमारी कर करीब 7 कुंतल मिलावटी मावा नष्ट कराया गया, जबकि 268 किलो वनस्पति और 510 किलो एसएमपी सीज किया गया।
सोलाना-लालपुर में तीन खोया इकाइयों पर हुई छापेमारी (Hapur News)
सहायक आयुक्त खाद्य चंद्रशेखर मिश्र के नेतृत्व में पुलिस बल और बहुमंडलीय टीमों ने शुक्रवार को धौलाना के सोलाना-लालपुर क्षेत्र में दबिश दी। इस दौरान शाहरुख (निवासी लालपुर-सोलाना), प्रदीप कुमार सिंह (निवासी सोलाना) और मोमिना की खोया निर्माण इकाइयों की सघन जांच की गई।
जांच के दौरान टीमों ने गुणवत्ता परखने के लिए कुल आठ नमूने लिए। इनमें शाहरुख की इकाई से मावा के दो, एसएमपी और वनस्पति के एक-एक नमूने शामिल हैं। प्रदीप के यहां से मावा के दो नमूने लिए गए, जबकि मोमिना की इकाई से रिफाइंड तेल और एसएमपी के नमूने एकत्र किए गए।
1.75 लाख रुपये का मावा नष्ट, भारी मात्रा में खाद्य सामग्री सीज (Hapur News)
छापेमारी के दौरान शाहरुख के ठिकाने से करीब 7 कुंतल मिलावटी मावा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 1.75 लाख रुपये थी। जनस्वास्थ्य के खतरे को देखते हुए अधिकारियों ने इस मावे को मौके पर ही गड्ढा खुदवाकर नष्ट करा दिया।
वहीं, मोमिना की इकाई से 53,600 रुपये कीमत का 268 किलोग्राम वनस्पति तेल और 1.78 लाख रुपये कीमत का 510 किलोग्राम एसएमपी सीज कर दिया गया। विभागीय टीमों की इस अचानक कार्रवाई से आसपास के मिलावटखोरों में अफरा-तफरी मच गई।
View this post on Instagram
चार जिलों के अधिकारियों ने मिलकर अंजाम दी कार्रवाई (Hapur News)
इस बड़ी कार्रवाई को प्रभावी बनाने के लिए हापुड़ के साथ-साथ मेरठ, गाजियाबाद और बुलंदशहर जिलों के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को शामिल किया गया था। टीम में मेरठ से वीरेश पाल, अतीश कुमार व सत्येंद्र सिंह तोमर; गाजियाबाद से पीके वर्मा व अजय सिंह; और बुलंदशहर से मुनेंद्र सिंह राणा व अजय सिंह मौजूद रहे।
सहायक आयुक्त खाद्य चंद्रशेखर मिश्र ने बताया कि त्योहारों पर शुद्ध खाद्य सामग्री सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। एकत्र किए गए सभी नमूनों को जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजा गया है, जहां से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित संचालकों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।










