Khabarwala24 Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में बेटे की चाहत और पारिवारिक विवाद ने एक हंसते-खेलते परिवार को पूरी तरह तबाह कर दिया। खोड़ा थाना क्षेत्र की लोकप्रिय विहार कॉलोनी में एक सिरफिरे पति ने देर रात मामूली कहासुनी के बाद अपनी 35 वर्षीय पत्नी और 15 साल की मासूम बेटी की चाकू से गोदकर दर्दनाक हत्या कर दी।
मासूम छोटी बेटी पर भी हमला, भागकर बचाई जान (Ghaziabad News)
दिल दहला देने वाली यह वारदात शुक्रवार मध्यरात्रि करीब 12 बजे की है। आरोपी राजा अंसारी (45) ने जब अपनी पत्नी तबस्सुम (35) पर ताबड़तोड़ हमला करना शुरू किया, तो उसकी 15 वर्षीय बड़ी बेटी सना मां को बचाने दौड़ी। हैवान बने पिता ने उस पर भी चाकू से वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
इसके बाद आरोपी अपनी 14 साल की छोटी बेटी को मारने के लिए उसकी तरफ झपटा। हालांकि, वह किसी तरह अपनी जान बचाकर लहूलुहान हालत में घर से बाहर सड़क की ओर भागी और पड़ोसियों को चिल्ला-चिल्लाकर घटना की जानकारी दी।
चीख-पुकार सुनकर दौड़े पड़ोसी, आरोपी को दबोचा (Ghaziabad News)
चीख-पुकार और बच्ची के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के पड़ोसी तुरंत मौके पर पहुंचे। जब लोगों ने घर के अंदर का दृश्य देखा तो उनके रोंगटे खड़े हो गए। घर के अंदर मां-बेटी खून से लथपथ पड़ी हुई थीं।
पड़ोसियों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी राजा अंसारी को मौके पर ही दबोच लिया और फौरन पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। गंभीर रूप से घायल छोटी बेटी को तत्काल पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
‘अब्बू बेटा न होने पर अम्मी से रोज करते थे मारपीट’ (Ghaziabad News)
अस्पताल में भर्ती छोटी बेटी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसके पिता अक्सर बेटा न होने का ताना देकर मां के साथ गाली-गलौज और मारपीट करते थे। शुक्रवार रात को भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर बहस शुरू हुई थी।
विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी किचन से धारदार चाकू उठा लाया और मां पर हमला कर दिया। पड़ोसियों के मुताबिक, मूल रूप से बिहार के अररिया का रहने वाला राजा अंसारी खोड़ा मंडी में मुंशी का काम करता था और नशे का आदी था। वह गुस्सैल स्वभाव का था और पड़ोसियों से भी बहुत कम बातचीत करता था।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत, जांच में जुटी पुलिस (Ghaziabad News)
घटना की जानकारी मिलते ही इंदिरापुरम के सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) सूर्यबली मौर्य पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से खून के नमूने और फिंगरप्रिंट समेत जरूरी सबूत जुटाए हैं। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। घरेलू हिंसा और दोहरे हत्याकांड की इस घटना से पूरी कॉलोनी में सन्नाटा और दहशत का माहौल है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।










