Khabarwala 24 News Shamli: UP News झिंझाना से कसेरवा जाने वाले मार्ग पर बृहस्पतिवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान दिल्ली के ओखला निवासी 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश रिहान को पुलिस ने ढेर कर दिया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। बदमाशों की फायरिंग में शामली कोतवाली में तैनात सिपाही सुमित बैसला गोली लगने से घायल हो गया।
क्या है पूरा मामला (UP News)
एसपी एनपी सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि झिंझाना-कसेरवा मार्ग पर बाइक सवार दो बदमाश लूट की फिराक में खड़े हैं। सूचना पर कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।जवाबी कार्रवाई में रिहान गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके से उसका साथी फरार हो गया, जिसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
एसपी ने बताया कि रिहान के खिलाफ शामली, बागपत, गाजियाबाद, दिल्ली और हरियाणा में लूट, स्नैचिंग और अन्य गंभीर धाराओं में 90 से अधिक मुकदमे दर्ज थे। उसके पास से 9 एमएम पिस्टल, बाइक और लूटा गया सामान बरामद किया गया है।
फतेहपुर में की थी लूट (UP News)
बृहस्पतिवार शाम रिहान और उसके साथी ने फतेहपुर निवासी राहुल और उसके दोस्त से पिस्टल के बल पर नकदी, मोबाइल फोन और अंगूठी लूट ली थी। इस मामले में बाबरी थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था।
दिसंबर में भी की थी वारदात (UP News)
दिसंबर माह में रिहान ने झिंझाना क्षेत्र में एक दंपती से लूट की थी, जिसके बाद उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
10 साल से संभाल रहा था गिरोह (UP News)
पुलिस के अनुसार, रिहान पिछले 10 वर्षों से अपने गिरोह की कमान संभाल रहा था। वह कुख्यात याहिया गैंग के संपर्क में रहकर शामली और आसपास के इलाकों में लगातार लूट और स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम दे रहा था।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


