Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News गढ़ रोड भीमनगर स्थित एलएन पब्लिक स्कूल जाने वाले मार्ग पर लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है। लगभग एक वर्ष पहले शुरू किया गया नाले का निर्माण कार्य आज भी अधूरा पड़ा है। इसके कारण बिना बारिश के भी सड़क पर गंदा पानी जमा रहता है और पूरा इलाका तालाब में बदल जाता है।
हजारों लोगों का प्रतिदिन होता है आवागमन (Hapur News)
इस मार्ग से रोजाना हजारों स्कूली बच्चे, उनके अभिभावक और आसपास के मोहल्लों चैनापुरी, कोटला सादात, अयोध्यापुरी तथा लोधीपुर के निवासी गुजरते हैं। दोपहिया वाहन, साइकिल और ई-रिक्शा से आने-जाने वाले बच्चों को प्रतिदिन फिसलन और गड्ढों के कारण दुर्घटना का खतरा बना रहता है। कई बार वाहन फंस जाते हैं, जिससे बच्चों को चोट लगने की आशंका रहती है।
जल्द समस्या का समाधान कराए जाने का दिया था आश्वासन (Hapur News)
मंगलवार को एलएन पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं और प्रधानाचार्या अनुराधा वाजपेयी ने जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय के समक्ष यह समस्या रखी। ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि नाले का काम शुरू हुए करीब एक साल बीत चुका है, लेकिन अब तक पूरा नहीं हुआ। पहले भी शिकायती पत्र दिया गया था। समस्या को देखते हुए नगर पालिका अधिकारियों को मौके पर भेजा गया और जल्द निर्माण पूरा करने का आश्वासन मिला था।

आवाजाही हो रही प्रभावित (Hapur News)
यह समस्या केवल स्कूल तक सीमित नहीं है। गढ़ रोड पर स्थित श्रीराम मंदिर से एलएन पब्लिक स्कूल और मदर्स प्राइड स्कूल तक का यह मार्ग हजारों बच्चों और करीब 20 हजार स्थानीय लोगों की रोजमर्रा की आवाजाही प्रभावित कर रहा है। लंबे समय से जर्जर हालत वाले इस रास्ते पर सफाई और जल निकासी की कोई व्यवस्था नहीं होने से गंदगी और मच्छरों की समस्या भी बढ़ गई है।
डीएम ने दिया समस्या का समाधान कराने का आश्वासन (Hapur News)
स्कूल प्रबंधन ने 18 मार्च और 1 अप्रैल को भी नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को पत्र लिखा। बच्चों ने बताया कि दो महीने में समाधान का वादा मिला था, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्य नहीं हुआ। बच्चों ने डीएम अंकल से अपील की कि नाले का निर्माण तुरंत पूरा कराया जाए ताकि उनकी परेशानी दूर हो सके। डीएम अभिषेक पांडेय ने बच्चों को आश्वासन दिया कि जल्द ही इस समस्या का समाधान कराया जाएगा।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।



