Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News शहर में ई-रिक्शा चालकों की समस्याओं को लेकर तनाव बढ़ गया है। ई-रिक्शा वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष विशाल कौशिक ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि 24 अप्रैल 2026 (शुक्रवार) को सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक पूरे हापुड़ जनपद में ई-रिक्शा हड़ताल रहेगी। इस दौरान कोई भी ई-रिक्शा सड़कों पर नहीं उतरेगी।
क्या है पूरा मामला (Hapur News)
विशाल कौशिक ने पत्रकारों को बताया कि बार-बार ज्ञापन देने और चर्चा करने के बावजूद प्रशासन और संबंधित अधिकारियों ने उनकी मांगों का कोई समाधान नहीं निकाला। सबसे बड़ी समस्या पार्किंग स्टैंड की है। शहर में ई-रिक्शाओं के लिए कोई निर्धारित स्टैंड नहीं होने से चालकों को सड़क किनारे या बाजारों में खड़ा होना पड़ता है। इससे यातायात जाम की स्थिति बनती है और यातायात पुलिस फोटो खींचकर चालान काट देती है।
रेलवे स्टेशन पर काटी जा रही 20 रुपये की अवैध पर्ची (Hapur News)
उन्होंने कहा, “छोटे रूट बनाए गए हैं, जिस कारण चालकों को घूम-घूमकर जाना पड़ता है और रोजाना की आमदनी काफी कम हो गई है। दुकानदार भी ई-रिक्शा खड़ी होने पर अभद्र व्यवहार करते हैं। सबसे गंभीर मुद्दा रेलवे स्टेशन पर अवैध रूप से 20 रुपये की पर्ची काटना है। चालकों का जबरन उत्पीड़न किया जा रहा है, जिसे हम किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेंगे।”
पार्किंग स्टैंड बनवाया जाए (Hapur News)
कौशिक ने जोर देकर कहा कि अगर ई-रिक्शाओं के लिए ठीक से पार्किंग स्टैंड बन जाए और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तो सड़कों पर अनावश्यक खड़ी ई-रिक्शाएं खुद-ब-खुद कम हो जाएंगी। गर्मी, बारिश और सर्दी में चालकों को एक सुरक्षित स्थान मिल जाएगा।
यात्रियों को करना पड़ेगा परेशानी का सामना (Hapur News)
ई-रिक्शा वेलफेयर एसोसिएशन ने सभी चालकों से सहमति लेकर यह फैसला लिया है। हड़ताल को सफल बनाने के लिए तेजी से जनसंपर्क और नुक्कड़ सभाएं की जा रही हैं। संगठन का कहना है कि उनका उद्देश्य आम जनता को परेशान करना नहीं, बल्कि चालकों की जायज मांगों को प्रशासन तक पहुंचाना है।हड़ताल के कारण 24 अप्रैल को हापुड़ शहर में यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित होने की आशंका है। खासकर स्कूल, कॉलेज, बाजार और रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।



