Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News कोतवाली हापुड़ नगर क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग किशोरी से हुए दुष्कर्म के मामले को उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग ने बेहद गंभीरता से लिया है। आयोग की सदस्य डॉ. हिमानी अग्रवाल पुलिस टीम के साथ पीड़ित परिवार के घर पहुंचीं। उन्होंने पीड़िता और उसके परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और आश्वासन दिया कि आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी। साथ ही परिवार की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
मामा के बेटे की शिकायत पर संज्ञान (Hapur News)
यह मामला तब सामने आया था जब पीड़िता की मां ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। शिकायत के मुताबिक, 4 जून को उनकी नाबालिग बेटी अपनी सहेली के घर जा रही थी, तभी गांव के रास्ते पर एक युवक ने उसे जबरन ईंख के खेत में खींचकर उसके साथ दुष्कर्म किया और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस इस मामले में आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। घटना के बाद पीड़िता के मामा के लड़के ने राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. हिमानी अग्रवाल को पत्र भेजकर मामले में सख्त कार्रवाई और परिवार के लिए सुरक्षा की मांग की थी।
पोक्सो एक्ट के तहत होगी कड़ी कार्रवाई (Hapur News)
पत्र पर त्वरित संज्ञान लेते हुए डॉ. हिमानी अग्रवाल कोतवाली के अतिरिक्त निरीक्षक ओमप्रकाश और महिला थाना प्रभारी अरुणा राय के साथ पीड़िता के गांव पहुंचीं। परिजनों ने उनसे सुरक्षा की गुहार लगाते हुए न्याय की मांग की।
“मुकदमे में पोक्सो एक्ट (POCSO Act) की धाराएं भी शामिल कर ली गई हैं। आरोपी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उसे कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।” — डॉ. हिमानी अग्रवाल, सदस्य (उ.प्र. राज्य महिला आयोग)
पुलिस को दिए ‘जीरो टॉलरेंस’ के निर्देश (Hapur News)
महिला आयोग की सदस्या डा.हिमानी अग्रवाल ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिला उत्पीड़न के मामलों का पूरी गुणवत्ता और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस सरकार की अपराध के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत काम करे। इसके अलावा, उन्होंने जनपद में महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए जल्द ही एक विशेष चौपाल आयोजित करने की बात भी कही।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


