Khabarwala 24 News Bulandshahr: Bulandshahr News बुलंदशहर के खुर्जा में 25 अप्रैल की रात को सुभाष मार्ग स्थित एक जिम में जन्मदिन पार्टी के दौरान हुई फायरिंग में तीन युवकों की निर्मम हत्या के मुख्य आरोपी जीतू सैनी को बृहस्पतिवार सुबह पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया गया।
मुठभेड़ सिकंदरपुर गांव के पास हुई, जिसमें मुख्य आरोपी जीतू सैनी को दो गोलियां लगीं। उसे घायल अवस्था में जटिया अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान जीतू सैनी की मौत हो गई।
दो पुलिस कर्मी भी हुए घायल (Bulandshahr News)
मुठभेड़ के दौरान SWAT टीम प्रभारी मोहम्मद असलम और सिपाही मोहित मलिक भी गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को जटिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अब जीतू सैनी के पूरे आपराधिक इतिहास की गहन जांच कर रही है।
इससे पहले मंगलवार रात को भी मुठभेड़ (Bulandshahr News)
इस मामले में बुधवार को पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली थी। तिहरे हत्याकांड के दो इनामी आरोपियों रिंकू सैनी उर्फ रिंकेश और भारत सैनी को मंगलवार रात को जीटी रोड से गिरफ्तार किया गया था। दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम आरोपियों की निशानदेही पर मुंडाखेड़ा नहर के पास छिपाए गए सबूत बरामद करने गई थी। इसी दौरान दोनों आरोपियों ने छिपे हुए हथियार निकालकर भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें रिंकू के दाएं पैर और भारत के बाएं पैर में गोली लगी। दोनों घायल आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। उनके पास से एक अवैध पिस्टल, एक तमंचा, कारतूस और घटनास्थल के सीसीटीवी की डीबीआर बरामद की गई।
जन्मदिन पार्टी में हुई थी तिहरी हत्या (Bulandshahr News)
सीओ खुर्जा शोभित कुमार ने बताया कि 25 अप्रैल की रात को जिम में जन्मदिन पार्टी चल रही थी। अचानक हुई फायरिंग में तीन युवक मारे गए थे। पुलिस के अनुसार, इस मामले में कुल कई आरोपी हैं, जिनमें तीन पहले ही जेल जा चुके हैं।
वर्तमान में रवि सैनी, मनीष, अनुज, सौरभ उर्फ सिंटू और सोनू समेत अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने इनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग जोन बनाकर टीमें गठित की हैं।
मेरठ और हरियाणा में भी छापेमारी (Bulandshahr News)
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मुख्य आरोपी जीतू सैनी मेरठ और हरियाणा के कुछ जिमों से जुड़ा हुआ था। उसके जिम के साथी भी इस मामले में संदिग्ध हैं। इसलिए पुलिस की टीमें दिल्ली-एनसीआर, मेरठ और हरियाणा के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।आरोपियों के परिजनों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है ताकि बाकी फरार आरोपियों का पता लगाया जा सके।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


