Khabarwala 24 News New Delhi : IPL 2025 Playoffs Scenario एमएस धोनी की अगुवाई वाली चेन्नई सुपर किंग्स आईपीएल 2025 से बाहर होने वाली पहली टीम बनी है। सीएसके की यह 10 मैचों में 8वीं हार है। वहीं पंजाब किंग्स की बात करें तो चेन्नई सुपर किंग्स को हराकर टीम पॉइंट्स टेबल के टॉप-2 में जगह बनाने में कामयाब रही है।
पंजाब इस जीत के साथ प्लेऑफ के और नजदीक पहुंच गया है। पंजाब की इस जीत से प्लेऑफ की रेस और रोमांचक हो गई है। दरअसल, पॉइंट्स टेबल में कुल 6 ऐसी टीमें हैं जिनके खाते में 10 या उससे अधिक अंक है। इन सभी टीमों के पास प्लेऑफ में पहुंचने के पूरे-पूरे चांसेस है। बाकी टीमों को प्लेऑफ का टिकट हासिल करने के लिए कम से कम 16 पॉइंट्स की दरकार होगी।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (IPL 2025 Playoffs Scenario)
10 में से 7 मैच जीतकर पॉइंट्स टेबल पर राज कर रही आरसीबी की टीम के खाते में फिलहाल 14 अंक है। आरसीबी की नजरें प्लेऑफ का टिकट हासिल कर टॉप-2 में बने रहने पर होगी ताकि उन्हें फाइनल में पहुंचने के लिए दो मौके मिले। टीम के अब 4 मैच बाकी है, एक से ज्यादा जीत उनका प्लेऑफ में पहुंचना सुनिश्चित कर देगी। वहीं टीम 3 मैच जीतकर टॉप-2 में बने रहना चाहेगी।
पंजाब किंग्स (IPL 2025 Playoffs Scenario)
श्रेयस अय्यर की पंजाब किंग्स 10 में से 6 मैच जीत चुकी है। केकेआर के खिलाफ उनका एक मैच बारिश की भेंट चढ़ा था जिस की वजह से उनके खाते में 13 अंक है। पंजाब को प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने के लिए यहां से 2 और मैच जीतने होंगे तभी टीम 16 अंक का आंकड़ा पार कर पाएगी। वहीं टॉप-2 में बने रहने के लिए उन्हें तीन मैच जीतने की जरूरत है।
मुंबई इंडियंस (IPL 2025 Playoffs Scenario)
निराशाजनक अंदाज में टूर्नामेंट का आगाज करने वाली एमआई की टीम अपने रंग में लौट चुकी है। मुंबई 10 में से 6 मैच जीतकर पॉइंट्स टेबल में फिलहाल तीसरे पायदान पर हैं। उन्होंने इन 6 में से लगातार 5 जीत पिछले पांच मुकाबलों दर्ज की है। मुंबई इंडियंस को 16 पॉइंट्स तक पहुंचने के लिए बचे 4 में से 2 मुकाबले जीतने होंगे। टॉप-2 के लिए उनकी सीधी जंग आरसीबी और पंजाब किंग्स से है।
गुजरात टाइटंस (IPL 2025 Playoffs Scenario)
इस सीजन की सबसे बेस्ट टीमों में से एक शुभमन गिल की जीटी प्लेऑफ में पहुंचने की एक और प्रबल दावेदार है। गुजरात के 9 मैचों में 12 पॉइंट्स है। टीम को अभी 6 और मुकाबले खेलने हैं। इनमें से 2 मैच जीतकर वह प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर सकती है, मगर उनकी नजरें टॉप-2 पर होगी।
दिल्ली कैपिटल्स (IPL 2025 Playoffs Scenario)
धमाकेदार अंदाज में टूर्नामेंट का आगाज करने वाली दिल्ली की टीम अब लय खोती दिख रही है। पिछले दो मुकाबलों में उन्हें लगातार हार का सामना करना पड़ा है। टीम 10 में से 6 मैच जीतकर फिलहाल टॉप-4 से बाहर है। डीसी को प्लेऑफ का टिकट हासिल करने के लिए बचे 4 में से 2 मैच जीतने होंगे। अगर टीम 3 मैच हारती है तो वह टूर्नामेंट से बाहर हो सकती है। दिल्ली को अपना नेट रन रेट भी सुधारने की जरूरत है।
लखनऊ सुपर जाएंट्स (IPL 2025 Playoffs Scenario)
10 मैचों में इतने ही अंक हासिल करने वाली ऋषभ पंत की टीम को प्लेऑफ का टिकट हासिल करने के लिए बचे चार में से कम से कम तीन मैच जीतने होंगे। एलएसजी के अगले चार मैच पंजाब, बेंगलुरु, गुजरात और हैदराबाद के खिलाफ है। लखनऊ यहां से दो और मैच हारता है तो उनकी मुश्किलें बढ़ जाएगी।
कोलकाता नाइट राइडर्स (IPL 2025 Playoffs Scenario)
गत चैंपियन केकेआर के लिए प्लेऑफ की राह थोड़ी कठिन दिख रही है। टीम ने अभी तक खेले 10 में से 4 ही मैच जीते हैं, वहीं पंजाब किंग्स के खिलाफ उनका मुकाबला बारिश की वजह से धुला था। उन्हें यहां से सभी मुकाबले जीतने होंगे तभी वह 17 पॉइंट्स तक पहुंच सकती है। अगर टीम एक मैच भी हारती है तो उनकी गाड़ी 15 पॉइंट्स पर अटक जाएगी, ऐसे में उन्हें दूसरी टीमों के रिजल्ट पर निर्भर रहना होगा।
राजस्थान रॉयल्स (IPL 2025 Playoffs Scenario)
चेन्नई सुपर किंग्स के बाद IPL 2025 से बाहर होने वाली दूसरी टीम राजस्थान रॉयल्स की हो सकती है। दरअसल, आरआर के खाते में अभी 10 मैचों में 6 ही अंक है, अगर यहां से टीम एक भी मैच हारती है तो वह टूर्नामेंट से बाहर हो सकती है। वहीं सभी मैच जीतकर आरआर 14 अंकों तक ही पहुंच पाएगी, ऐसे में उन्हें अंत में दूसरी टीमों के रिजल्ट पर निर्भर रहना होगा।
सनराइजर्स हैदराबाद (IPL 2025 Playoffs Scenario)
SRH की किस्मत अभी भी उनके ही हाथों में है क्योंकि उनके पास 16 पॉइंट्स तक पहुंचने का मौका है। टीम ने भले ही अभी तक खेले 9 में से 3 ही मैच जीते हो, मगर वह बचे 5 मैच जीतकर 16 पॉइंट्स तक पहुंच सकती है। हैदराबाद को अगर यहां से एक भी हार मिलती है तो उन्हें दूसरी टीमों के रिजल्ट पर निर्भर रहना पड़ेगा।


