Khabarwala 24 News New Delhi:Delhi News राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार तड़के एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। पूर्वी दिल्ली के शाहदरा इलाके के पॉश इलाके विवेक विहार में एक चार मंजिला रिहायशी बिल्डिंग में एसी फटने से भीषण आग लग गई। इस हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य घायल हैं।
दमकल की टीम मौके पर पहुंची (Delhi News)
फायर कंट्रोल रूम को सुबह करीब 3:47 बजे आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही 14 फायर टेंडर मौके पर पहुंचे। फायर कर्मियों ने काले घने धुएं और तेज लपटों के बीच कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। रेस्क्यू ऑपरेशन में 12 से ज्यादा लोगों को बिल्डिंग से निकाला गया। इनमें से 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 3 लोग बुरी तरह घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दूसरी मंजिल पर हुआ AC ब्लास्ट (Delhi News)
प्रारंभिक जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर लगे एयर कंडीशनर में ब्लास्ट होने से हुआ। धमाके की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग बाहर निकले। आग तेजी से ऊपरी मंजिलों तक फैल गई। लोग बचने के लिए छत की ओर भागे, लेकिन छत का दरवाजा बंद होने के कारण वे फंस गए। आग और धुएं की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई।
आग लगती देख मचाया शोर (Delhi News)
विवेक विहार में रहने वाले स्थानीय निवासी रोहित ने बताया, “जोरदार धमाके की आवाज आई। बाहर निकलकर देखा तो पास की बिल्डिंग से धुआं और आग की लपटें निकल रही थीं। हमने शोर मचाया और आग बुझाने की कोशिश की। तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।”
शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा (Delhi News)
शाहदरा डिस्ट्रिक्ट के DCP राजेंद्र प्रसाद मीणा भी मौके पर पहुंचे। पुलिस और फायर अधिकारियों ने मिलकर बचाव कार्य संचालित किया। मृतकों के शवों की हालत बेहद खराब है, इसलिए उनकी पहचान में समय लग सकता है। कुछ शव बिस्तर पर ही मिले हैं। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
बिल्डिंग में रह रहे परिवारों पर दुख (Delhi News)
चार मंजिला बिल्डिंग में कई परिवार रहते थे। आग की चपेट में आने से पूरा इलाका दहल गया है। स्थानीय लोगों में आक्रोश है। कई लोग बिजली उपकरणों की सुरक्षा और पुरानी बिल्डिंगों में फायर सेफ्टी के अभाव पर सवाल उठा रहे हैं।
फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। फायर विभाग और पुलिस की टीम मौके पर जांच कर रही है। प्रारंभिक रिपोर्ट में शॉर्ट सर्किट या एसी ब्लास्ट को मुख्य वजह माना जा रहा है। विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही असली कारण सामने आएगा।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


