नई दिल्ली, 17 मार्च (khabarwala24)। राज्यसभा चुनाव के नतीजों के बाद विपक्षी दलों ने भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। विपक्ष के नेताओं ने कहा कि भाजपा ने हमारे विधायकों को तोड़कर अपनी सरकार बनाई है। इसमें कुछ नया नहीं है। ये लोग अक्सर इस तरह का काम करते रहते हैं।
समाजवादी पार्टी के सांसद रामगोपाल यादव ने क्रॉस वोटिंग को लेकर सत्ताधारी दल पर निशाना साधते हुए कहा कि यह स्थिति तब पैदा होती है, जब विधानसभा अध्यक्ष सत्ताधारी दल का होता है और वही दूसरी पार्टियों के विधायकों को प्रभावित करता है।
उन्होंने कहा कि किसी भी पार्टी के लिए अपने सदस्यों को पूरी तरह बांधकर रखना संभव नहीं है, लेकिन भाजपा जिस तरह से काम कर रही है, वह लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
सांसद रामगोपाल यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा का इतिहास अन्य दलों को तोड़ने और सरकारें गिराने का रहा है और जब कोई नेता बिक जाता है तो उस पर किसी का नियंत्रण नहीं रह जाता।
वहीं कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने भी राज्यसभा चुनाव परिणामों को लेकर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह आरोप सही साबित हुआ है कि भाजपा धनबल, बाहुबल और सत्ता का दुरुपयोग कर चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करती है।
प्रमोद तिवारी ने कहा कि विधायकों को पैसे देकर वोटिंग को प्रभावित करना लोकतंत्र के लिए खतरनाक संकेत है और इस मुद्दे पर सरकार को अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के सांसद संजय राउत ने भी भाजपा की आलोचना करते हुए कहा कि क्रॉस वोटिंग नई बात नहीं है, लेकिन भाजपा का खुद को नैतिक पार्टी बताना सवालों के घेरे में है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पैसे के दम पर विधायकों को खरीदकर राज्यसभा चुनाव जीतती है। राउत ने कहा कि इसका खामियाजा देश की जनता को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि ओडिशा, हरियाणा और बिहार जैसे राज्यों में हालिया घटनाएं इस प्रवृत्ति को दर्शाती हैं।
सांसद संजय राउत ने कहा कि भाजपा पैसा देकर विधायकों को खरीद लेती है। इसको देखने वाला कोई नहीं है। विपक्ष एक साथ है अगर भाजपा इस तरह का काम करना बंद कर दे, तो वह हारने लगेगी।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


