सहारनपुर, 7 दिसंबर (khabarwala24)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक बार फिर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बड़े पैमाने पर वोट काटे जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान स्थिति को देखते हुए करीब दो से तीन करोड़ लोगों के वोट कट सकते हैं।
एसआईआर को लेकर अखिलेश यादव ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि चुनाव आयोग का दायित्व अधिक से अधिक लोगों का वोट बनवाना है, लेकिन उत्तर प्रदेश में बड़े पैमाने पर वोट काटे जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान स्थिति को देखते हुए करीब दो से तीन करोड़ लोगों के वोट कट सकते हैं। जनता कागज ढूंढने में परेशान है, जबकि हर किसी के पास आधार कार्ड, फिंगरप्रिंट और रेटिना की जानकारी पहले से दर्ज है। आधुनिक तकनीक का सही उपयोग होता तो न फार्म भरना पड़ता, न कागज ढूंढने पड़ते और न ही बीएलओ को जोखिम उठाकर घर-घर जाना पड़ता।
अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार ने अपने चुनावी वादों में से एक भी वादा पूरा नहीं किया है। आगामी विधानसभा चुनाव में जनता समाजवादी पार्टी के पक्ष में ऐतिहासिक परिणाम देगी। सहारनपुर की जनता ने लोकसभा चुनाव में गठबंधन का साथ दिया था और उन्हें भरोसा है कि आगे भी जनता समाजवादी पार्टी और गठबंधन को समर्थन देगी, जिससे प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर जनता को परेशान कर रही है, जैसा कि नोटबंदी और कोविड के दौरान किया गया था। महाकुंभ में भी कई लोगों की जान गई, लेकिन सरकार ने सही आंकड़े जारी नहीं किए।
उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुके हैं। डॉलर के मुकाबले लगातार गिरती रुपए की कीमत को उन्होंने आर्थिक संकट का संकेत बताते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर विफल हैं और सच्चाई छिपाने की कोशिश कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि किसान, नौजवान, मजदूर सहित हर वर्ग परेशान है और सरकार भावनाओं की राजनीति के सहारे सत्ता चला रही है। उन्होंने कहा कि यह सरकार संविधान से नहीं, बल्कि राजनीतिक उद्देश्यों से संचालित हो रही है, जबकि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने शासन को संविधान के मार्ग पर चलने का स्पष्ट रास्ता दिखाया था।
Source : IANS
डिस्क्लेमर: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में Khabarwala24.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर Khabarwala24.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


