नूंह, 28 दिसंबर (khabarwala24)। हरियाणा में नूंह के पिनंगवा कस्बे के मुख्य बाजार में स्थित हरिओम ज्वेलर्स की दुकान से शनिवार देर रात अज्ञात चोरों ने शटर तोड़कर करोड़ों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात चुराए और फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
दुकानदार ने जब सुबह दुकान खोली तो उसे पूरे मामले की जानकारी हुई। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और अपने स्तर पर छानबीन शुरू कर दी।
दुकान मालिक हरिओम ने बताया कि मुख्य रूप से चांदी का सामान चोरी किया गया है। कितने का नुकसान हुआ है, अभी नहीं बोला जा सकता है। यह वारदात करीब साढ़े तीन बजे रात को अंजाम दी गई। चोरों ने दुकान के सीसीटीवी कैमरे पर ब्लैक स्प्रे डाल दिया था, जिससे घटना रिकॉर्ड न हो सके, लेकिन पास के अन्य कैमरों में करीब 6 से अधिक चोर साफ दिखाई दे रहे हैं, जो जेवरात लेकर अनाज मंडी की तरफ भागते नजर आ रहे हैं।
चोरी की सूचना मिलते ही डीएसपी पुनहाना जितेंद्र सिंह राणा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की टीम बुलाई। दुकान के बाहर तंग गली में भारी भीड़ जुट गई। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और आसपास के सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
इलाके में चोरी की इस बड़ी वारदात से व्यापारियों में दहशत का माहौल है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक इस वारदात की जांच के लिए टीमों को लगा दिया गया है।
डीएसपी जितेंद्र राणा ने बताया कि बड़ी वारदात हुई है, जिसमें सीसीटीवी वीडियो में पता चला है कि 6 संदिग्ध दिखाई दे रहे हैं। हादसे के बाद ही स्थानीय पुलिस को सूचना मिली थी, पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। कुल कितने रुपए के आभूषण चोरी हुए हैं, इसका आकलन किया जा रहा है। फिलहाल गलियों में पुलिस की तरफ से गश्त बढ़ाई जाएगी।
उन्होंने लोगों से सहयोग करने की अपील की है। ज्यादा से ज्यादा बाइक राइडर लगाए जाएंगे। जांच के लिए तीन अलग-अलग टीमें लगा दी गई हैं।
सीसीटीवी वीडियो में दिखाए गए 6 संदिग्धों की तलाश के लिए टीम लगा दी गई है। जल्द ही उनकी गिरफ्तारी के बाद मामले का खुलासा किया जाएगा।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


