नोएडा, 29 दिसंबर (khabarwala24)। नोएडा के फेस-1 थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मोबाइल फोन स्नैचिंग और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 10 लाख रुपए कीमत के 34 चोरी व स्नैचिंग के मोबाइल फोन, घटना में इस्तेमाल एक चोरी की मोटरसाइकिल और एक अवैध चाकू बरामद किया है। यह कार्रवाई सोमवार को मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के आधार पर की गई।
थाना फेस-1 पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ध्रुव पुत्र साहब सिंह, रवि पुत्र भोलम्बर, और सागर पुत्र भोलम्बर के रूप में हुई है। तीनों अभियुक्तों को झुंडपुरा बॉर्डर के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह नोएडा और दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में लगातार मोबाइल स्नैचिंग और चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था।
पूछताछ के दौरान पता चला कि वे पहले सुनसान जगहों पर खड़ी मोटरसाइकिलों को चोरी करते थे और फिर उन्हीं चोरी की बाइकों का इस्तेमाल मोबाइल फोन स्नैचिंग के लिए करते थे। पुलिस को यह भी बताया गया कि पकड़े जाने से बचने के लिए अभियुक्त मोटरसाइकिलें बदलते रहते थे। बरामद मोटरसाइकिल को अभियुक्तों ने क्रॉसिंग रिपब्लिक, गाजियाबाद क्षेत्र से चोरी किया है।
गिरफ्तार अभियुक्त ध्रुव के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें बीएनएस की विभिन्न धाराओं, आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम के तहत मामले शामिल हैं। वहीं अभियुक्त रवि और सागर के खिलाफ भी नोएडा और गाजियाबाद के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, तीनों अभियुक्त आदतन अपराधी हैं और लंबे समय से क्षेत्र में वारदातों को अंजाम दे रहे थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बरामद किए गए मोबाइल फोन के आधार पर अब पीड़ितों की पहचान कर उन्हें उनके मोबाइल लौटाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। साथ ही अभियुक्तों से पूछताछ के आधार पर अन्य आपराधिक घटनाओं का भी खुलासा होने की संभावना है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


