सिंगरौली, 12 फरवरी (khabarwala24)। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले से रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है। जहां जादू-टोने के शक में दो लोगों की हत्या कर दी गई है। वहीं, दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस ने इस हत्याकांड को अंजाम देने वाले आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने घटनास्थल पर चबूतरे पर एक साथ कई नारियल और कुल्हाड़ी बरामद की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जेयावन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अंतरवा गांव में छत्रपति सिंह की शादी के बाद संतान नहीं थी और पत्नी को गर्भपात हो गया था। इसके लिए वह पड़ोसी केवल सिंह और फूलमती को जिम्मेदार मानता था।
उसका कहना था कि इन दोनों के जादू-टोना करने के चलते वह पिता नहीं बन पा रहा है। इसी बात को लेकर छत्रपति सिंह ने केवल सिंह और फूलमती पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया।
इस दौरान दो लोग बीच बचाव के लिए आए तो उन पर भी उसने हमला किया। परिणाम स्वरूप केवल सिंह और फूलमती की मौत हो गई है, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
वहीं, गांव के लोगों का कहना है कि छत्रपति शादी के बाद जब पिता नहीं बना और पत्नी को गर्भपात हो गया तो वह इसके लिए पड़ोसियों पर आरोप लगाता था। उसे शक था कि पड़ोसियों ने जादू-टोना किया है।
इस वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी छत्रपति सिंह ने अपने को एक मकान में कैद कर लिया। पुलिस को जब इस बात की सूचना मिली तो मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद उसे हिरासत में लिया गया।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


