मोतिहारी, 1 जनवरी (khabarwala24)। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के हरैया थाना क्षेत्र स्थित भारत-नेपाल सीमा से अवैध रूप से प्रवेश कर रहे तीन बांग्लादेश के नागरिकों को गिरफ्तार किया गया। इनकी मदद कर रहे एक भारतीय युवक को भी इस दौरान पकड़ा गया है।
पुलिस के एक अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की मदद से नेपाल के रास्ते भारत में अवैध रूप से प्रवेश कर रहे तीन बांग्लादेशी नागरिकों और उनकी मदद कर रहे एक भारतीय युवक को गिरफ्तार किया गया है। इनसे पूछताछ के बाद यह बात सामने आई है कि गिरफ्तार किए गए बांग्लादेशी नागरिकों के पास पासपोर्ट तो मौजूद था, लेकिन भारत आने के लिए कोई वैध वीजा नहीं था।
आरोप है कि ये लोग नेपाल के रास्ते अवैध रूप से भारतीय सीमा में घुसपैठ करने की कोशिश कर रहे थे। जिन बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है, उनकी पहचान जेशोरे के चौगछा निवासी मोहम्मद शाहीनूर रहमान, उत्तार चार मोंगल निवासी मोहम्मद सोबुज और मोजम्मेल निवासी मोहम्मद फिरोज के रूप में की गई है। इनके पास से 2,000 भारतीय रुपए, 33,020 नेपाली रुपए, 1,000 बांग्लादेशी करेंसी और दो अमेरिकन डॉलर बरामद किए गए हैं। साथ ही चार मोबाइल फोन और तीन पासपोर्ट भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस इनके पास से बरामद मोबाइल फोन के कॉल डिटेल्स की जांच कर रही है। पूछताछ और तलाशी में सामने आया कि ये सभी बांग्लादेशी नागरिक हैं, जबकि चौथा व्यक्ति भारतीय है, जो उन्हें सीमा पार कराने में मदद कर रहा था। इन तीनों की मदद कर रहा भारतीय युवक मो. सरफराज अंसारी है, जो बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के चनपटिया थाना क्षेत्र का निवासी है।
पुलिस के अधिकारी ने बताया कि खुफिया एजेंसियां और स्थानीय पुलिस संयुक्त रूप से यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इनका भारत में प्रवेश करने का मकसद क्या था।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


