खबरवाला 24 न्यूज हापुड़: नामचीन कंपनी के नाम पर आनलाइन शर्ट बिक्री करने का पर्दाफाश हुआ है। कंपनी के अधिकारियों के साथ मिलकर पुलिस ने जैन लोक कालोनी में स्थित एक भवन पर छापा मारा और मौके से सैकड़ों की संख्या में नकली शर्ट बरामद की।
इन शर्ट पर नामचीन कंपनी का लेवल लगाए गए थे। मामले में कंपनी के अधिकारी की तरफ से तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गुरुग्राम की एक नामचीन कंपनी के जांच अधिकारी सौमित सिंह की तरफ से कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। जिसमें बताया गया कि हापुड़ में उनकी कंपनी के नाम पर नकली शर्ट बेचने की सूचना मिल रही थी। इसके चलते कई दिन कंपनी के लोग क्षेत्र में घुमकर जांच कर रहे थे।
बुधवार को जांच के दौरान पता चला कि जैनलोक कालोनी में शर्ट बेची जा रही है। कंपनी के अधिकारी ने नगर कोतवाली पुलिस से संपर्क साधा। इसके बाद पुलिस के साथ कंपनी अधिकारी मौके पर पहुंचे।
तलाशी के दौरान कंपनी के विभिन्न ब्रांड की सैकड़ों की शर्ट बरामद हुई। जांच में सामने आया है कि सोशल मीडिया के विभिन्न एकाउंटों पर आरोपित नकली कपड़ों को देश के अलग अलग शहरों में सप्लाई कर रहे हैं। मौके से एक लैपटाप, प्रिंटर, मोबाइल फोन, चेक बुक, लेजर बुक, कैश मीमो आदि बरामद हुआ है।
पूछताछ करने पर पता चला कि लुधियाना से यह माल लाकर बेच रहे थे। इस नकली माल को असली बताकर बाजार में बेचते थे जिसमें उन्हें अधिक मुनाफा होता था।
इस मामले में आतिफ, मोहल्ला शिवपुरी निवासी आकाश और शाहिर खान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


