Khabarwala 24 News New Delhi: IND vs SL टीम इंडिया श्रीलंका के खिलाफ टी-20 सीरीज जीतने के बाद वनडे सीरीज के लिए तैयार है। भारतीय टीम अपना पहला मुकाबला कोलंबो में दोपहर 2.30 बजे से खेलेगी। भारतीय टीम की कप्तानी रोहित शर्मा करेंगे। जबकि टीम में विराट कोहली की भी वापसी हो गई है। दूसरी ओर सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या और रिंकू सिंह जैसे खिलाड़ियों को इस सीरीज से आराम दिया गया है। केएल राहुल भी इस सीरीज में खेलते नजर आएंगे। टी-२० वर्ल्ड कप के बाद रोहित-विराट जैसे सीनियर खिलाड़ी पहली बार खेलते दिखेंगे। ऐसे में इस सीरीज का रोमांच अलग ही रहने वाला है।
विराट कोहली नंबर-3 पर कर सकते हैं वापसी (IND vs SL)
पहले मैच में भारत की प्लेइंग इलेवन कैसी रहेगी। इसे लेकर कयास शुरू हो गए हैं। कहा जा रहा है कि कप्तान रोहित शर्मा, शुभमन गिल के साथ ओपनिंग कर सकते हैं। विराट कोहली अपनी पुरानी बैटिंग पोजिशन नंबर-३ पर आ सकते हैं। टी-20 वर्ल्ड कप में कोहली ने टीम इंडिया के लिए ओपनिंग की थी, लेकिन अब वह पुरानी पोजिशन पर वापसी कर सकते हैं। विकेटकीपर के तौर पर केएल राहुल को मौका दिया जा सकता है। भारत के लिए उन्होंने अपना आखिरी मुकाबला एक टेस्ट 25 जनवरी 2024 को खेला था।
टीम इंडिया की ये हो सकती है प्लेइंग इलेवन (IND vs SL)
रोहित शर्मा, शुभमन गिल, विराट कोहली, केएल राहुल, श्रेयस अय्यर, शिवम दुबे/रियान पराग, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा।
श्रीलंका के खिलाफ भारत की वनडे टीम (IND vs SL)
रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, शिवम दुबे, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, वाशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, रियान पराग, अक्षर पटेल, खलील अहमद, हर्षित राणा।
कहां और किस समय होगा पहला वनडे मैच (IND vs SL)
भारत और श्रीलंका के बीच पहला वनडे मैच आर.प्रेमदासा स्टेडियम कोलंबो में दोपहर 2.30 बजे से खेला जाएगा। जिसको लेकर दोनों टीमो ने अपनी-अपनी कमर कस ली है। दोनों टीम इस मैच को जीतकर सीरीज में जीत के साथ अपना आगाज करना चाहेगी।
कहां देख सकते हैं भारत बनाम श्रीलंका मैच (IND vs SL)
भारत और श्रीलंका के बीच होने वाले सीरीज के पहले वनडे मैच को आप सोनी स्पोर्ट्स टेन 1, सोनी स्पोर्ट्स 5 (अंग्रेजी), सोनी स्पोर्ट्स टेन 3 (हिंदी) और सोनी स्पोर्ट्स टेन 4 (तमिल/तेलुगु) पर देख सकते हैं। इसका अलावा मैच की लाइव स्ट्रीमिंग सोनी लिव ऐप पर भी होगी।
टी२० सीरीज हार चुकी है श्रीलंका (IND vs SL)
इससे पहले दोनों टीमों के बीच 3 मैचों की टी20 सीरीज खेली गई थी। इस टी20 सीरीज में टीम इंडिया की कमान सूर्यकुमार यादव के हाथों में थी। सूर्या की कप्तानी में टीम इंडिया ने श्रीलंका का टी20 सीरीज में 3-0 से सूपड़ा साफ किया था।
कोलंबो पिच पर कितने बन सकते हैं रन (IND vs SL)
कोलंबो की पिच की बात करें तो इस पर स्पिन गेंदबाजों को मदद मिल सकती है। जैसे-जैसे गेम आगे बढ़ता है, वैसे-वैसे पिच स्पिनरों को मदद करती जाएगी। हालांकि शुरुआत में पिच ठोस रहने की उम्मीद है। जिससे गेंद के उछाल पर बल्लेबाजी आसान रह सकती है। बाद में इस पर मुश्किलें बढ़ेंगी। ऐसे में यदि टीम इंडिया पहले टॉस जीतती है तो पहले बल्लेबाजी कर सकती है। उम्मीद है कि भारतीय टीम में स्पिन के ज्यादा विकल्प रखे जा सकते हैं। बता दें कि 2020 के बाद से कोलंबो में पहले बल्लेबाजी करते हुए औसत स्कोर करीब 250 रन रहा है। यानी यहां बल्लेबाजों को धीमी पिच पर थोड़ा संघर्ष करना पड़ सकता है।
मोहम्मद सिराज ने जलवा दिखाया था (IND vs SL)
पहले बल्लेबाजी करते हुए सर्वोच्च टीम स्कोर टीम इंडिया ने बनाया था। टीम इंडिया ने यहां पिछले साल एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ 2 विकेट पर 356 रन जड़े थे। जिसमें टीम इंडिया ने 228 रन से जीत दर्ज की थी। वहीं श्रीलंका के खिलाफ 17 सितंबर 2023 को खेले गए एशिया कप के मैच में श्रीलंका की टीम मोहम्मद सिराज की तूफानी गेंदबाजी के आगे 50 रन पर ढेर हो गई थी। सिराज ने 6 विकेट झटके थे। टीम इंडिया ने इस मैच में 10 विकेट से जीत दर्ज की थी। इस तरह इस मैदान पर एक बार फिर भारतीय टीम का जलवा देखने को मिल सकता है।


