Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News दहेज उत्पीड़न के बाद पति का मन नहीं भरा तो उसने अपने भाई के साथ मिलकर पीड़िता को सामाजिक रूप से बदनाम करने के लिए सोशल मीडिया का सहारा ले लिया। ससुराल से निकाली गई पीड़िता के फोटो व्हाट्सएप से चुराकर और पुराने फोटो को एडिट कर फर्जी फेसबुक आईडी पर पोस्ट किए जा रहे हैं। विरोध करने पर आरोपी पति ने पीड़िता को फोन पर अश्लील बातें करते हुए जान से मारने और अपहरण की धमकी दी है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक हापुड़ को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
शादी के बाद से ही किया जा रहा था प्रताड़ित (Hapur News)
थाना हाफिजपुर क्षेत्र के एक गांव निवासी पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी 25 नवंबर 2016 को मेरठ जिले के थाना पल्लवपुरम (फेस-2) के ग्राम सोफीपुर निवासी एक युवक के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति और ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट करते थे। वर्ष 2019 में आरोपियों ने पीड़िता को मारपीट कर घर से निकाल दिया। माता-पिता का साया सिर से उठ चुका होने के कारण पीड़िता तब से अपने भाई के पास रह रही है।
दो फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर फोटो किए वायरल (Hapur News)
पीड़िता का आरोप है कि उसके पति और जेठ/देवर ने सोशल मीडिया पर दो नाम से दो फर्जी फेसबुक आईडी बनाई हैं। इन आईडी के जरिए पीड़िता के व्हाट्सएप और पुराने फोटो को आपत्तिजनक तरीके से एडिट कर समाज में बदनाम करने की नीयत से लगातार पोस्ट किया जा रहा है। हापुड़ कचहरी में तारीख पर आए आरोपियों से जब पीड़िता ने आईडी बंद करने को कहा, तो उन्होंने साफ इनकार कर दिया।
फोन पर दी गंदी गालियां, अपहरण और हत्या की धमकी (Hapur News)
पीड़िता के अनुसार, 18 जुलाई 2026 की शाम आरोपी पति ने पीड़िता के मोबाइल पर कॉल कर अश्लील बातें कीं और गंदी-गंदी गालियां दीं। मना करने पर आरोपी ने कहा कि “तुझे सोशल मीडिया पर ऐसा बदनाम करूंगा कि कहीं मुंह दिखाने लायक नहीं बचेगी।” इसके अगले दिन दोपहर में आरोपी ने दोबारा फोन कर पीड़िता का अपहरण करने और जान से मारने की धमकी दी।
SP से गुहार: जल्द हो एफआईआर और आईडी डिलीट (Hapur News)
पीड़िता निशा ने पुलिस अधीक्षक हापुड़ से मुलाकात कर अपनी आपबीती सुनाई और प्रार्थना पत्र सौंपा। पीड़िता ने हापुड़ कोतवाली पुलिस को मामला दर्ज करने, फर्जी फेसबुक आईडी को तुरंत डिलीट/ब्लॉक करवाने और आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। एसपी के आदेश पर हाफिजपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


