खबरwala 24 न्यूज, हापुड़ : सर्दी शुरू होते ही दुकानों में चोरी करने वाला गिरोह सक्रिय हो गया है। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में कुचेसर रोड चौपला पर इस गिरोह के सदस्यों ने एक सर्राफ की दुकान समेत तीन दुकानों को निशाना बनाते हुए आभूषण, नगदी और सामान चोरी कर लिया। जबकि एक दुकान में चोरी का प्रयास किया।
पुलिस चौकी के पास हुई इस वारदात से पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को पोल खुल गई। एक ही रात में चार दुकानों में चोरी होने से व्यापारियों में रोष व्याप्त है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार तिगरी निवासी संजीव कुमार की रेलवे रोड पर रेडीमेट गारर्मेंट्स की दुकान है। चोर दुकान से हजारों रुपये के कपड़े और करीब 1500 रुपये चोरी कर ले गए। कुचेसर रोड चौपला निवासी सुरेंद्र की किराना की दुकान से भी हजारों रुपये का सामान चोरी कर लिया।
इसी के साथ देवांशी ज्वलैर्स की दुकान का ताला तोड़कर लिया। दुकान स्वामी भी नुकसान के बारे में जानकारी कर रहे हैं। हालांकि अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हो सकी कि सर्राफ के यहां कितनी की चोरी हुई है।
जबकि एक अन्य दुकान में चोरी का प्रयास किया गया। लोगों ने पुलिस ने रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।
दुकानों में चोरी की वारदात की सूचना मिलने पर काफी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए और रोष व्यक्त किया। लोगों का कहना है कि पुलिस चौकी के पास बेखौफ बदमाश वारदात को अंजाम दे गए और पुलिस को पता नहीं चल सका।
वहीं सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी देवेंद्र बिष्ट ने बताया कि दो दुकानों में चोरी की सूचना मिली है। अभी नुकसान के बारे में जानकारी की जा रही है। जल्द ही वारदात का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।


