Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News सिटी कोतवाली क्षेत्र के मेरठ रोड फ्लाईओवर के नीचे शुक्रवार दोपहर एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय कोतवाली पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी।
हनुमान मंदिर के पास रेलवे लाइन पर मिला शव (Hapur News)
मिली जानकारी के मुताबिक, मेरठ रोड फ्लाईओवर के नीचे बने हनुमान मंदिर की मूर्ति के पीछे, रेलवे लाइन के पास खाली पड़ी जगह में बरसात का पानी भरा हुआ था। शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे राहगीरों ने इसी पानी में एक शव तैरता हुआ देखा, जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पानी से बाहर निकाला और कब्जे में लिया।
बिहार का रहने वाला था मृतक (Hapur News)
पुलिस द्वारा की गई शिनाख्त में मृतक की पहचान 48 वर्षीय बसंत पासवान के रूप में हुई है। बसंत मूल रूप से बिहार के सहरसा जिले के ग्राम हराहरी के निवासी थे। वह वर्तमान में हापुड़ के दस्तोई रोड स्थित गली नंबर-2 में किराए के मकान में रहकर मजदूरी का काम करते थे।
बीमारी और शराब की लत की बात आई सामने (Hapur News)
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक शराब पीने का आदी था और उसे अक्सर दौरे भी पड़ते थे। आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान वह पानी में गिर गया होगा। पुलिस ने मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हर पहलू से जांच कर रही है पुलिस (Hapur News)
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि फील्ड यूनिट की मदद से मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए हैं। मौत के असली कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा। पुलिस हादसे और हत्या समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की बारीकी से जांच कर रही है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


