Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे-9 (NH-9) पर स्थित उपैड़ा फ्लाईओवर पर मंगलवार देर रात एक भीषण हादसा हो गया। यहां जीप का पंचर टायर (स्टेपनी) बदल रहे राजस्थान के एक मंदिर के बुजुर्ग पुजारी को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी जीप भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
देर रात टायर बदलते समय हुआ हादसा (Hapur News)
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात करीब 01:45 बजे एनएचएआई (NHAI) की पेट्रोलिंग टीम के माध्यम से बाबूगढ़ पुलिस को सूचना मिली कि उपैड़ा फ्लाईओवर पर एक जीप को किसी अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी है। पुलिस जांच में सामने आया कि जीप का टायर पंचर होने के कारण चालक ने गाड़ी को फ्लाईओवर के ऊपर ही रोक दिया था। वह जैक लगाकर गाड़ी की स्टेफनी बदल रहा था, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें बेरहमी से कुचल दिया और मौके से फरार हो गया।
मृतक की हुई शिनाख्त, राजस्थान के मंदिर में थे पुजारी (Hapur News)
हादसे के बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से मृतक की शिनाख्त के प्रयास शुरू किए। जांच के दौरान मृतक की पहचान 60 वर्षीय भगवान दास के रूप में हुई। वह राजस्थान के दौसा जनपद के गांव लिलोज में स्थित प्रसिद्ध बालाजी मंदिर में पुजारी के रूप में तैनात थे। पुलिस ने घटना की जानकारी तुरंत मृतक के परिजनों को दी और शव को एम्बुलेंस की मदद से पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
हाईवे पर बाधित हुआ यातायात (Hapur News)
बाबूगढ़ थाना प्रभारी ने बताया कि इस भीषण हादसे के बाद फ्लाईओवर पर क्षतिग्रस्त वाहन के कारण थोड़ी देर के लिए यातायात पूरी तरह बाधित हो गया था। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त जीप को हाईवे से हटवाया, जिसके बाद यातायात व्यवस्था को दोबारा सुचारू रूप से चालू कराया जा सका। पुलिस ने अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


