Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News जनपद के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव सिकंदरपुर काकोडी में उस समय शोक की लहर दौड़ गई, जब केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में तैनात जांबाज जवान मुकेश कुमार शर्मा (44) के निधन का दुखद समाचार मिला। वर्ष 2003 में देश सेवा में कदम रखने वाले मुकेश कुमार शर्मा पिछले लगभग एक वर्ष से ब्लड कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से जूझ रहे थे। वर्तमान में उनकी प्रतिनियुक्ति (डेप्युटेशन) प्रवर्तन निदेशालय (ED) मध्य प्रदेश के भोपाल में थी।
रविवार की रात को ली अंतिम सांस (Hapur News)
बीमारी के चलते उनका इलाज नोएडा के फोर्टिस अस्पताल में चल रहा था, जहाँ रविवार की रात लगभग 8:44 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। जैसे ही दिवंगत जवान का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव सिकंदरपुर काकोडी पहुँचा, पूरे क्षेत्र में मातमी सन्नाटा पसर गया और हर आँख नम हो गई।
परिजन का रो रोकर बुरा हाल हुआ (Hapur News)
मुकेश कुमार शर्मा के पीछे उनका पूरा परिवार गहरे सदमे में है। वृद्ध माता मुन्नी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है, जो बार-बार अपने लाल के वापस आने की गुहार लगाते हुए बेसुध हो जा रही हैं। वहीं, दिवंगत जवान की पत्नी संगीता देवी, जो स्वयं किडनी की गंभीर बीमारी से ग्रसित हैं, अपने बच्चों के भविष्य को लेकर “अब क्या होगा” कहते हुए बार-बार बेहोश हो रही हैं। मुकेश शर्मा अपने पीछे 18 वर्षीय पुत्री रिमझिम और 15 वर्षीय पुत्र शांतनु शर्मा को छोड़ गए हैं, जिनका रोना देख उपस्थित हर शख्स का कलेजा मुंह को आ गया। दिवंगत जवान के छोटे भाई योगेंद्र शर्मा भी सीमा शुल्क (कस्टम) फरीदाबाद में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
राजकीय सम्मान के लिए हुआ अंतिम संस्कार (Hapur News)
सोमवार को राजकीय सम्मान के साथ दिवंगत जवान का अंतिम संस्कार किया गया। मेरठ से आई 108 रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के डिप्टी कमांडेंट अवधेश कुमार सिंह के नेतृत्व में, इंस्पेक्टर सतीश कुमार सहित 20 सदस्यीय टीम ने दिवंगत जवान मुकेश कुमार शर्मा को ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ (सलामी) दिया। इसके बाद गमगीन माहौल में उन्हें अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान भारी संख्या में ग्रामीण और प्रशासनिक लोग मौजूद रहे।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


