Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News यूपी के जनपद हापुड़ के पिलखुवा पुलिस ने चोरी की एक वारदात का 24 घंटे के अंदर खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात सामने आई कि जिस चोरी का शिकार एक पिता हुआ, उसकी पूरी साजिश उसके अपने बेटे ने ही साथियों के साथ मिलकर रची थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई एक लाख रुपये की नकदी, बैग, जरूरी दस्तावेज, अवैध तमंचा और वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
क्या है पूरा मामला (Hapur News)
अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर ने बताया कि घटना गुरुवार शाम की है। गाजियाबाद के थाना भोजपुर क्षेत्र के गांव मुकीमपुर निवासी सतीश बैंक से एक लाख रुपये निकालकर नई बाइक खरीदने के लिए जा रहे थे। जब वह पिलखुवा क्षेत्र में शौच करने के लिए रुके तो उन्होंने रुपयों से भरा बैग अपनी बाइक पर टांग दिया।इसी दौरान पहले से घात लगाए दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवकों ने मौका देखकर बाइक से बैग चोरी कर लिया और फरार हो गए। पीड़ित ने घटना की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार (Hapur News)
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान शुरू की। कड़ी मेहनत के बाद पुलिस ने शुक्रवार को मामले का खुलासा करते हुए पीड़ित के बेटे गौरव सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों में गांव मुकीमपुर निवासी विक्की उर्फ ब्रेट ली, मनीष और डूहरी निवासी अमित शामिल हैं। पूछताछ में गौरव ने बताया कि मौज-मस्ती और अपने खर्च पूरे करने के लिए उसने साथियों के साथ मिलकर पिता के रुपये चोरी करने की योजना बनाई थी।
शातिर अपराधी है ब्रेट ली (Hapur News)
पुलिस के अनुसार आरोपी विक्की उर्फ ब्रेट ली शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत 11 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं आरोपी गौरव के खिलाफ भी चार आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


