Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News थाना देहात क्षेत्र के एनएच-334 (मेरठ बाइपास) पर बुधवार 6 मई 2026 की रात करीब 10 बजे सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। एक लाल रंग की स्विफ्ट कार में सवार छह युवकों ने एक अन्य कार को बीच हाइवे पर रोककर उसमें सवार चार युवकों के साथ बेल्ट, लात-घूसों और थप्पड़ों से बुरी तरह मारपीट की। हमलावरों ने फायरिंग भी की और ईंट फेंककर कार का शीशा तोड़ दिया। इसके बाद पीड़ितों को जान से मारने की धमकी देकर आरोपी फरार हो गए।
क्या है पूरा मामला (Hapur News)
घटना की जानकारी देते हुए पीड़ित शिवम पुत्र हरिश, निवासी गांव रोरी, थाना मोदीनगर, जिला गाजियाबाद ने बताया कि वह अपने तीन दोस्तों सादिक, शाकिर और सावेज — के साथ अग्रवाल पराठा होटल (गांव पटना के पास) पर कोल्ड ड्रिंक पी रहे थे। तभी लाल रंग की स्विफ्ट कार में सवार छह युवक वहां पहुंचे और बिना किसी उकसावे के गाली-गलौज करने लगे।
कार जबरन रोक मारपीट कर की फायरिंग (Hapur News)
जब शिवम और उसके साथी विवाद बढ़ता देख अपनी कार से घर की ओर रवाना हुए तो कुछ दूरी आगे जाकर उसी स्विफ्ट कार ने उनकी गाड़ी को बीच हाइवे पर जबरन रोक दिया। इसके बाद सभी छह आरोपियों ने उतरकर पीड़ितों पर सामूहिक हमला बोल दिया। उन्होंने बेल्ट से पिटाई की, लात-घूसों से मारकर घायल किया। इस दौरान एक आरोपी ने हवा में फायरिंग भी कर दी, जिससे आसपास के वाहन चालकों में अफरा-तफरी मच गई। हमलावरों ने ईंट मारकर पीड़ित की कार का शीशा भी तोड़ डाला।मारपीट के बाद आरोपियों ने युवकों को जान से मारने की खुली धमकी दी और मौके से भाग निकले। घायल युवक किसी तरह थाना देहात पहुंचे और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने जांच की शुरू (Hapur News)
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर छह अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल और अग्रवाल पराठा होटल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। स्विफ्ट कार की तलाश के साथ-साथ नंबर के आधार पर भी जांच की जा रही है। पुलिस की टीम आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी करने में जुटी हुई है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।



