Khabarwala 24 News Hapur : Hapur Newsउत्तर प्रदेश के हापुड़ में राष्ट्रीय राजमार्ग-9 (NH-9) पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। थाना हापुड़ देहात क्षेत्र में मंसूरपुर कट के पास अचानक ट्रक के ब्रेक लगाने से पीछे से आ रही उत्तराखंड डिपो की बस उसमें जा टकराई। इस हादसे में बस चालक समेत करीब 12 यात्री घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित हो गया।
क्या है पूरा मामला (Hapur News)
जानकारी के अनुसार, बस दिल्ली से मुरादाबाद की ओर जा रही थी। जैसे ही बस मंसूरपुर कट के पास पहुंची, आगे चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे पीछे चल रही बस चालक को संभलने का मौका नहीं मिला और बस सीधे ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
घायलों को अस्पताल में कराया भर्ती (Hapur News)
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई। थाना
प्रभारी नीरज कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा।
गंभीर रूप से घायल हुआ बस चालक (Hapur News)
घायलों में बस चालक सोनू शर्मा के पैर में गंभीर चोट आई है, जबकि अन्य यात्रियों को सामान्य चोटें लगी हैं। सभी घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने घायलों के परिजनों को भी सूचना दे दी है। वहीं, बस में सवार अन्य यात्रियों को दूसरी बस के माध्यम से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।हादसे के चलते कुछ समय के लिए हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और यातायात को सुचारू कराया।
पुलिस जांच में जुटी (Hapur News)
थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि घायलों का इलाज चल रहा है और सभी की स्थिति फिलहाल स्थिर है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण ट्रक द्वारा अचानक ब्रेक लगाना बताया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।



