Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News 85 लाख रुपये की डकैती में वांछित एक लाख रुपये के इनामी बदमाश ने पुलिस कस्टडी में पेट दर्द का बहाना बनाकर भागने की खतरनाक साजिश रची। अस्पताल ले जाते समय शातिर बदमाश ने दरोगा की सरकारी पिस्टल छीन ली और पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। हालांकि, पुलिस की तत्परता और जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया, जिसे घेराबंदी कर दबोच लिया गया।
85 लाख की बड़ी डकैती से जुड़ा है मामला (Hapur News)
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना बीते वर्ष 15 दिसंबर 2025 की है, जब पिलखुवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत बदमाशों ने एक कलेक्शन एजेंट को निशाना बनाते हुए ₹85 लाख की भीषण लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इस सनसनीखेज डकैती मामले में पुलिस पहले ही 10 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज चुकी है। हालांकि, इस पूरे प्रकरण में मुख्य आरोपियों में शामिल इस्तकार लंबे समय से फरार चल रहा था, जिस पर पुलिस प्रशासन द्वारा ₹1,00,000 का इनाम घोषित किया गया था।
पेट दर्द के बहाने रची भागने की साजिश (Hapur News)
जनपदीय स्वाट पुलिस टीम ने सटीक सूचना के आधार पर इस्तकार को गिरफ्तार किया और अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए थाना पिलखुवा लेकर आई। थाना परिसर में पूछताछ के दौरान आरोपी इस्तकार ने अचानक पेट में तेज दर्द होने का बहाना बनाया। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस टीम तत्काल उसे चिकित्सीय परीक्षण और इलाज के लिए अस्पताल ले जाने लगी।

अस्पताल ले जाते समय शातिर बदमाश ने पुलिसकर्मियों को झांसा दिया और अचानक एक पुलिसकर्मी की सरकारी सर्विस पिस्टल छीन ली। इसके बाद उसने पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी और मौके से भागने का प्रयास किया।
जवाबी कार्रवाई में लगा निशाना, पिस्टल और कारतूस बरामद (Hapur News)
अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन पुलिस टीम ने अदम्य साहस का परिचय दिया। पुलिस ने खुद का बचाव करते हुए आत्मरक्षार्थ नियंत्रित जवाबी फायरिंग (क्रॉस फायरिंग) की। पुलिस की गोली सीधे बदमाश इस्तकार के पैर में जा लगी, जिससे वह लहुलुहान होकर वहीं गिर पड़ा और पुलिस ने उसे तुरंत दबोच लिया।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पुलिसकर्मी से छीनी गई सरकारी पिस्टल, 9 खोखा (खाली कारतूस) और 1 जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घायल बदमाश को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी हालत स्थिर बनी हुई है। मामले में आगे की कानूनी व दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


