Khabarwala 24 News Lucknow:UP News लखनऊ में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि होली, रमजान, नवरोज, ईद और बासंतिक नवरात्र सहित आगामी सभी पर्व-त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि शरारतन माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले उपद्रवियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई की जाए जो नजीर बने।
संवेदनशील अवधि में विशेष सतर्कता (UP News)
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी दिनों में होली के साथ ईद और नवरात्र का पर्व है, वहीं बोर्ड परीक्षाएं भी चल रही हैं। ऐसे में यह समय प्रशासनिक दृष्टि से संवेदनशील है। उन्होंने बीते पांच वर्षों की घटनाओं की समीक्षा कर उनसे सीख लेते हुए प्रभावी रणनीति बनाने के निर्देश दिए। स्पष्ट किया गया कि यदि प्रदेश में कहीं भी सामाजिक विद्वेष फैलाने की घटना होती है तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
उन्होंने पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने, शोभायात्राओं के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिया गया कि सभी पर्व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हों, यह उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है।
अभद्र गीत-संगीत पर सख्ती (UP News)
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि होलिका दहन समितियों और पीस कमेटियों की बैठकें अनिवार्य रूप से आयोजित की जाएं। होलिका दहन केवल सुरक्षित स्थानों पर ही किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि होली के अवसर पर कहीं भी अभद्र गीत-संगीत नहीं बजना चाहिए। किसी भी वर्ग, समुदाय या व्यक्ति की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले कृत्यों पर सख्त कार्रवाई होगी। पर्व आपसी भाईचारे और उल्लास के प्रतीक हैं, न कि किसी को अपमानित करने का माध्यम।
लाउडस्पीकर और सोशल मीडिया पर निगरानी (UP News)
मुख्यमंत्री ने कानफोड़ू आवाज वाले लाउडस्पीकरों को हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संवाद और समन्वय के जरिए धर्मस्थलों पर लगे अत्यधिक ध्वनि वाले उपकरणों को हटाया जाए, ताकि ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण रखा जा सके।
साथ ही लोकल इंटेलिजेंस को और मजबूत करने, सोशल मीडिया की सतत निगरानी रखने और फेक अकाउंट्स पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए। अफवाह या भ्रामक सूचना फैलाने वालों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई और प्रशासन द्वारा तत्काल खंडन सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि समय रहते स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि प्रदेश में सामाजिक सौहार्द बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


