Khabarwala 24 News Baghpat: महिला आयोग की सदस्य मीनाक्षी भराला ने कहा कि इंस्टाग्राम और फेसबुक के जरिए ही अधिकतर बेटियां लापता हो रही हैं, क्योंकि वे लड़कों के झांसे में आ जाती हैं। परिजनों को चाहिए कि वे बेटियों पर नजर रखें। यदि बेटी के मोबाइल में पासवर्ड लगा है तो यह गलत दिशा में जाने का संकेत हो सकता है।
जनसुनवाई कार्यक्रम में पहुंची थी (UP News)
मीनाक्षी भराला बृहस्पतिवार को बागपत के विकास भवन सभागार में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में पहुंची थीं। प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि बागपत जिले में 24 लड़कियों के अपहरण की घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें से 10 को बरामद कर लिया गया है, जबकि 14 अभी भी लापता हैं। उन्हें भी जल्द बरामद कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि लड़कियों के साथ हो रही घटनाओं की सबसे बड़ी वजह सोशल मीडिया है। इंस्टाग्राम पर दोस्ती होती है, न परिवार की जानकारी होती है और कई बार प्रोफाइल फोटो भी फर्जी होती है। लड़कियों को बहला-फुसलाकर ले जाया जाता है। यह समस्या केवल उत्तर प्रदेश ही नहीं, पूरे देश में है।
मोबाइल पर निगरानी जरूरी (UP News)
मीनाक्षी भराला ने कहा कि परिवार के लोगों को बेटियों के मोबाइल पर निगरानी रखनी होगी। यह देखना जरूरी है कि वे किन एप्स का इस्तेमाल कर रही हैं और किससे बातचीत कर रही हैं। यदि मोबाइल में पासवर्ड है तो उसे हटवाना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने पहले सुझाव दिया था कि 18 वर्ष तक की लड़कियों के लिए मोबाइल पर प्रतिबंध होना चाहिए, जिसका विरोध हुआ था। 14 से 18 वर्ष की उम्र में लड़कियां आसानी से बहकावे में आ जाती हैं, इसलिए परिजनों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है।
बड़ौत कोतवाल पर उठाए सवाल (UP News)
महिला आयोग की सदस्य ने बड़ौत कोतवाल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनके क्षेत्र में सबसे ज्यादा लड़कियां लापता हैं और बरामदगी में लापरवाही बरती जा रही है। इस मामले को लेकर वह एडीजी से बातचीत करेंगी।
जनसुनवाई में पहुंचे 11 मामले (UP News)
जनसुनवाई के दौरान बड़ौत की एक महिला ने आरोप लगाया कि बहू काम करने को कहने पर दहेज उत्पीड़न में जेल भेजने की धमकी देती है और खाना तक नहीं देती। इसके अलावा एक स्टाफ नर्स ने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी पर अभद्रता और नशीली दवा देकर अपहरण के प्रयास का आरोप लगाया। कुल 11 मामलों पर सदस्य ने एक सप्ताह में जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


