हापुड़ में दिनदहाड़े दो घरों में चोरी, 2.75 लाख नकद और लाखों के गहने गायब

हापुड़ (khabarwala24)। उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में चोरों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि एक ही मोहल्ले में दो बंद मकानों को निशाना बना लिया। मोदीनगर रोड पर स्थित आदर्शनगर कॉलोनी में रविवार देर रात से सोमवार सुबह तक चोरों ने धावा बोल दिया। दोनों घरों से कुल 2.75 लाख रुपये नकद, […]

-Advertisement-
Join whatsapp channel Join Now
Join Telegram Group Join Now

हापुड़ (khabarwala24)। उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में चोरों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि एक ही मोहल्ले में दो बंद मकानों को निशाना बना लिया। मोदीनगर रोड पर स्थित आदर्शनगर कॉलोनी में रविवार देर रात से सोमवार सुबह तक चोरों ने धावा बोल दिया। दोनों घरों से कुल 2.75 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के गहने और कीमती सामान चोरी कर लिया गया। हैरानी की बात यह है कि चोर एक बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल छोड़कर फरार हो गए। इलाके में दहशत का माहौल है और लोग रात को चैन से सोने से डर रहे हैं।

पहली चोरी : विधवा महिला के घर 2 लाख नकद और गहने साफ

मोहल्ले की गली नंबर-9 में रहने वाली विधवा महिला सीमा देवी अपने दो बेटे अरुण, दीपक और बेटियों के साथ रहती हैं। रविवार दोपहर 12 बजे के बाद पूरा परिवार हस्तिनापुर कुंआ पूजन में गया हुआ था। रात करीब 1 बजे पड़ोसियों का फोन आया कि उनके घर में चोरी हो गई है। परिवार तुरंत घर लौटा तो मुख्य दरवाजा खुला था और ताला टूटा पड़ा था।

अंदर जाकर देखा तो अलमारी और बक्से तहस-नहस थे। चोर 2 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवर और दूसरे कीमती सामान लेकर फरार हो चुके थे। घर के बाहर एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल खड़ी मिली। माना जा रहा है कि चोरी के बाद चोर घबराहट में बाइक छोड़कर भाग गए। पुलिस ने बाइक कब्जे में ले ली है।

दूसरी चोरी : बुजुर्ग महिला के घर 75 हजार रुपये गायब

उसी मोहल्ले की गली नंबर-3 में वीरो देवी का मकान है। वह दिन में अपने बेटों राकेश, हरकेश और बुद्धपाल के साथ रहती हैं, लेकिन रात में अपने अलग मकान में सोने जाती हैं। रविवार रात ताला लगाकर वह बेटों के घर सोने चली गईं। सोमवार सुबह 6 बजे जब अपने मकान पर पहुंची तो ताला टूटा हुआ था। अंदर संदूक खुली पड़ी थी और उसमें रखे 75 हजार रुपये नकद व अन्य सामान गायब थे।

परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। दोनों जगह फोरेंसिक टीम ने फिंगरप्रिंट और सबूत जुटाए।

पुलिस का बयान

कोतवाली प्रभारी सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बरामद मोटरसाइकिल की जांच की जा रही है। जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा और चोरी का पूरा खुलासा होगा।

इलाके के लोग गुस्से में हैं। उनका कहना है कि रात में गश्त बढ़ाई जाए नहीं तो चोरी की वारदातें और बढ़ेंगी।

Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi  से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।

spot_img

Related News

Breaking News